धमकियों और पाबंदियों के बीच दिलजीत का इंदौर में दमदार जवाब, चारों प्रतिबंधित गाने भी गाए!
इंदौर। धमकियां मिलीं, विरोध हुआ और गाने तक तय कर दिए गए कि कौन से गाने नहीं गाने हैं, लेकिन पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ अपने वादे से पीछे नहीं हटे। रविवार रात इंदौर में हुए उनके संगीत कार्यक्रम में यही अंदाज देखने को मिला। भारी सुरक्षा के बीच मंच पर पहुंचे दिलजीत ने सबसे पहले दर्शकों से ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष करवाया। इसके बाद उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। खास बात यह रही कि प्रशासन की ओर से जिन 4 गानों को नहीं गाने की हिदायत दी गई थी, उन्हें भी उन्होंने अपनी प्रस्तुति में शामिल किया।
दिलजीत ने मंच से कहा कि उन्हें इंदौर आने से रोकने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन उन्होंने अपने प्रशंसकों से किया वादा निभाना जरूरी समझा। उन्होंने कहा, “एक बार किसी से कह देता हूं कि आऊंगा, तो फिर पीछे नहीं हटता। हम पहले भी नहीं डरे थे और आज भी नहीं डरते। तमाम कोशिशों के बावजूद आज आपके सामने खड़ा हूं।”
उनके इस बयान पर स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने तालियों और नारों के साथ समर्थन जताया। दिलजीत ने इंदौर को महाकाल की नगरी बताते हुए अपनी बात रखी। उनका यह अंदाज पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा।
राहत इंदौरी के शेर से विरोध का जवाब
कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने इंदौर के मशहूर शायर राहत इंदौरी को भी याद किया। उन्होंने उनका चर्चित शेर सुनाया- ‘अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है… सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।’ शेर सुनते ही दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं। दिलजीत ने इसे सिर्फ शायरी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने विरोधियों को जवाब देने के अंदाज में भी पेश किया।
दरअसल, कार्यक्रम से पहले कुछ संगठनों के विरोध और प्रशासन की हिदायतों के चलते उनके 4 लोकप्रिय गानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा ठीके’, ‘जीभ विचो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जिथे पाबंदी हथियारां दी’ शामिल थे। इन गानों के बोल को लेकर आपत्ति जताई गई थी। तर्क दिया गया कि इनका बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है। दिलजीत ने इन पाबंदियों के बावजूद अपने अंदाज में जवाब दिया और चारों गाने गाकर दर्शकों की मांग भी पूरी की।
चांद पर सवार होकर मंच पर पहुंचे, तालियों से गूंजा स्टेडियम
रविवार रात करीब 8 बजे कार्यक्रम शुरू हुआ। दर्शकों की निगाहें मंच पर लगी थीं। तभी सफेद कपड़ों, काले चश्मे और अपनी खास पगड़ी में दिलजीत चांद के आकार के मंच पर सवार होकर सामने आए। उनके इस अनोखे प्रवेश ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। पूरा स्टेडियम तालियों और शोर से गूंज उठा।
अपने ‘आरा इंडिया टूर 2026’ के तहत इंदौर पहुंचे दिलजीत ने शुरुआत से ही अपने लोकप्रिय गानों का सिलसिला शुरू कर दिया। ‘5 तारा’, ‘गोट’ और ‘बॉर्न टू शाइन’ पर दर्शक अपनी जगहों पर खड़े होकर झूमने लगे। ‘डू यू नो’ की धुन बजते ही हजारों लोगों ने उनके साथ गाना शुरू कर दिया। पंजाबी पॉप के साथ उन्होंने लोक संगीत की झलक भी दिखाई। हर प्रस्तुति के बाद दर्शकों का उत्साह और बढ़ता गया।
आतिशबाजी और लेजर रोशनी से जगमगाया आसमान
संगीत के साथ कार्यक्रम में रोशनी और आतिशबाजी का भी खास इंतजाम था। कभी आसमान रंगीन आतिशबाजी से चमक उठता तो कभी लेजर किरणें पूरे मैदान में अलग-अलग रंग बिखेरतीं। दर्शकों के हाथों में बांधे गए रोशनी वाले बैंड भी संगीत की धुन के साथ चमक रहे थे। इससे पूरा स्टेडियम किसी बड़े संगीत समारोह का नजारा पेश कर रहा था। रात करीब 9 बजे दिलजीत ने लगभग 10 मिनट का विराम लिया। इस दौरान उन्होंने राहत इंदौरी की शायरी सुनाई। खास तौर पर ‘सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’ सुनाकर उन्होंने एक बार फिर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
पंजाब से भी पहुंचे प्रशंसक, बच्चों में दिखा दिलजीत जैसा बनने का शौक
दिलजीत की लोकप्रियता का अंदाजा कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से लगाया जा सकता था। इंदौर के अलावा पंजाब से भी बड़ी संख्या में प्रशंसक उन्हें सुनने पहुंचे थे। इनमें बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। कई बच्चे सफेद कपड़े, काला चश्मा और सिर पर स्टाइलिश पगड़ी पहनकर आए थे। उनका पहनावा दिलजीत के मंच वाले अंदाज से मिलता-जुलता था। पसंदीदा गायक को सामने देखकर बच्चों की खुशी उनके चेहरों पर साफ दिखाई दे रही थी।

Leave a Reply