शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की तैयारी, नए पासपोर्ट की मांग पर सरकार का इनकार

शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की तैयारी, नए पासपोर्ट की मांग पर सरकार का इनकार

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश वापसी की दिशा में पहल करते हुए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) जारी करने की मांग की है। अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत में रह रहीं हसीना का यह दूतावास से पहला औपचारिक संपर्क बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने की योजना बना रही हैं।
हसीना के कानूनी प्रतिनिधियों ने लंदन स्थित मैट्रिक्स चैंबर्स के माध्यम से बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि अंतरिम सरकार द्वारा उनके पुराने पासपोर्ट और पहचान संबंधी दस्तावेज रद्द किए जाने के बाद नए दस्तावेज जारी किए जाएं। वकीलों ने दलील दी है कि हसीना बांग्लादेश की नागरिक हैं और उन्हें यात्रा तथा पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनकी मांग ठुकरा दी है।

मांग ठुकराने का कारण भी बताया गया
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने कहा कि पासपोर्ट कानून के तहत दोषसिद्ध व्यक्ति को नया पासपोर्ट जारी करने का प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि हसीना को मृत्युदंड सुनाया जा चुका है और अपील की निर्धारित 30 दिन की अवधि भी समाप्त हो गई है। सरकार ने भारत से प्रत्यर्पण की मांग भी दोहराई है। दरअसल, नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसक कार्रवाई के मामले में हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया था। अभियोजन पक्ष ने उन पर मानवता के खिलाफ अपराधों का आरोप लगाया था। हसीना ने आरोपों को खारिज किया है।

5 अगस्त 2024 को छोड़ना पड़ा था देश
शेख हसीना के सत्ता से हटने की शुरुआत जून 2024 में सरकारी नौकरियों में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को 30 प्रतिशत आरक्षण देने के विरोध से हुई थी। छात्रों का आंदोलन धीरे-धीरे सरकार विरोधी प्रदर्शनों में बदल गया। हिंसा और जनआक्रोश बढ़ने के बाद 5 अगस्त 2024 को हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा। इसके बाद वह सैन्य विमान से भारत आ गई थीं। अब पासपोर्ट की मांग और संभावित वापसी ने दोनों देशों के बीच कूटनीतिक हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, दिसंबर में उनकी वापसी की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM