सतना एयरपोर्ट से रीवा के लिए पहली उड़ान, 6 आदिवासी महिलाओं ने की यात्रा; PM मोदी ने किया वर्चुअल उद्घाटन

सतना एयरपोर्ट से रीवा के लिए पहली उड़ान, 6 आदिवासी महिलाओं ने की यात्रा; PM मोदी ने किया वर्चुअल उद्घाटन

Satna Airport

Satna Airport, 31 मई 2025: मध्यप्रदेश के सतना जिले को अब हवाई कनेक्टिविटी मिल गई है. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से वर्चुअल माध्यम से सतना एयरपोर्ट का उद्घाटन किया. इस मौके पर छह आदिवासी महिलाओं ने सतना से रीवा के लिए पहली उड़ान में सफर किया. इस उड़ान को क्षेत्रीय संपर्क और महिला सहभागिता के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है.

फ्लाइट में सफर करने वाली महिलाओं में छोटी बाई कोल, बूटी कोल, संगीता कोल, सुमित्रा आदिवासी, रीतू कोल, मैना देवी और भूरी कोल शामिल रहीं. फ्लाइट के दौरान लोकगीत गाते हुए एक वीडियो भी साझा किया गया है. यह इन महिलाओं के लिए पहली हवाई यात्रा थी, जिसे उन्होंने उत्साह से अनुभव किया.

Satna Airport: 37 करोड़ की लागत से बना एयरपोर्ट

सतना एयरपोर्ट का निर्माण लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है. हवाई अड्डे पर 1200 मीटर लंबा रनवे, 750 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाला टर्मिनल भवन, एटीसी टावर, वीआईपी लाउंज और अन्य बुनियादी सुविधाएं मौजूद हैं. रनवे फिलहाल 19-सीटर विमानों की लैंडिंग के लिए उपयुक्त बताया गया है. शुरुआती दिन एक छह सीटर विमान ने उड़ान भरी.

https://twitter.com/KushwahaK45286/status/1928724577951097045

अतिक्रमण बना बाधा, बड़े विमानों की लैंडिंग संभव नहीं

हालांकि, सूत्रों के अनुसार, रनवे की संभावित लंबाई 1800 मीटर तक हो सकती थी, लेकिन अतिक्रमण के चलते इसे 1200 मीटर तक ही सीमित रखा गया है. इसी वजह से बड़े विमानों की लैंडिंग वर्तमान में संभव नहीं है. विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इस एयरपोर्ट को केवल 19-सीटर विमानों के लिए ही मंजूरी दी है.

Satna Airport: पांच जिलों को मिलेगा सीधा लाभ

सतना एयरपोर्ट के चालू होने से सतना, पन्ना, मैहर, चित्रकूट और सीधी जिलों के यात्रियों को सीधी हवाई यात्रा की सुविधा मिलने की संभावना है. रीवा, खजुराहो और चित्रकूट में पहले से एयरपोर्ट मौजूद हैं, लेकिन सतना से इंदौर, भोपाल, लखनऊ और दिल्ली जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानों की मांग भी अब सामने आ रही है.

एयरपोर्ट पर मौजूद प्रमुख सुविधाएं

एयरपोर्ट परिसर में वातानुकूलित टर्मिनल भवन, बैटरी बैकअप, पावर हाउस, बम निरोधक उपकरण, एम्बुलेंस, मौसम पूर्वानुमान तंत्र, आपातकालीन सभा हॉल, कैंटीन और सुरक्षा के लिए कॉटेज जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. रनवे की सुरक्षा के लिए हथियारबंद सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे.

विकास से जुड़े अवसरों की संभावना

उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सतना एयरपोर्ट के माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में नए अवसर बनेंगे. उन्होंने कामतानाथ स्वामी के दर्शन को अब अधिक सुलभ होने की बात भी कही.

यह एयरपोर्ट मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र के लिए क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी हो सकता है, बशर्ते इससे जुड़े ढांचागत और परिचालन से जुड़े मुद्दों का समाधान समय पर किया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM