हॉस्टल में उत्पात मचाने वाले 17 में से 8 छात्रों की पेनल्टी जमा, कुछ अभिभावकों ने आर्थिक परेशानी बताकर और समय मांगा!
इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आईईटी विभाग के हॉस्टल में हुए हंगामे और तोड़फोड़ प्रकरण में प्रशासन की कार्रवाई जारी है। घटना में चिन्हित किए गए 17 छात्रों में से अब तक केवल 8 छात्रों ने ही 25 हजार रुपए की निर्धारित पेनल्टी जमा कराई है। शेष छात्रों द्वारा अभी तक राशि जमा नहीं की गई।
संस्थान प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों पर पेनल्टी लगाई गई है, उन्हें जुर्माना जमा करने के बाद ही परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। निर्धारित राशि जमा किए बिना किसी भी छात्र को रिजल्ट उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। उधर, कुछ अभिभावकों ने संस्थान से संपर्क कर आर्थिक कठिनाइयों का हवाला दिया है। उन्होंने पेनल्टी जमा करने के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया है। इस संबंध में प्रबंधन स्तर पर विचार किया जा रहा है।
वीडियो वायरल हुए तो कार्रवाई
गौरतलब है कि हाल ही में आईईटी हॉस्टल में फाइनल ईयर के कुछ छात्रों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया था। छात्रों ने अर्धनग्न होकर नृत्य किया था और हॉस्टल परिसर में तोड़फोड़ कर संस्थान की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 17 छात्रों की पहचान की थी। प्रबंधन ने संबंधित छात्रों को हॉस्टल खाली करने के निर्देश दिए थे और प्रत्येक पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था। साथ ही जिन छात्रों की परीक्षाएं शेष थीं, उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति भी नहीं दी गई थी।
मरम्मत और सुधार कार्य शुरू
इस बीच जिस हॉस्टल में तोड़फोड़ हुई थी, वहां मरम्मत और सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि हॉस्टल को जल्द ही पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जा सके। संस्थान से मिली जानकारी के अनुसार जिन छात्रों को परीक्षा देने से रोका गया था, उनके लिए 15 जून के आसपास विशेष परीक्षा आयोजित की जा सकती है। हालांकि अभी तक इसकी अंतिम तिथि घोषित नहीं की गई है। आईईटी के डायरेक्टर प्रतोष बंसल ने कहा कि पेनल्टी जमा करना अनिवार्य है और इसके बाद ही संबंधित छात्रों का परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। फिलहाल प्रबंधन शेष छात्रों से भी निर्धारित राशि जमा कराने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।