इंदौर। यहां आगामी 9 से 13 जून तक होने जा रहे ‘ब्रिक्स कृषि सम्मेलन’ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कृषि विषय पर आयोजित होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन इंदौर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और देश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे।
आयोजन के दौरान कृषि क्षेत्र में मध्यप्रदेश के अनुभव, नवाचार और योजनाओं को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीमें लगातार काम कर रही हैं। गुरुवार को कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सम्मेलन से जुड़े प्रमुख स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अतिथियों के ठहरने की व्यवस्थाओं, आयोजन स्थलों और आवागमन मार्गों का बारीकी से अवलोकन किया।
अधिकारियों ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों और प्रतिनिधियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही मालवा की सांस्कृतिक परंपरा, आत्मीयता और आतिथ्य की पहचान के अनुरूप उनका स्वागत सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का प्रयास है कि इंदौर की सुव्यवस्थित व्यवस्था और स्वच्छता की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली ढंग से सामने आए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एयरपोर्ट से लेकर विभिन्न होटल और सम्मेलन स्थलों तक पूरे मार्ग का जायजा लिया। कलेक्टर और पुलिस आयुक्त ने बसों में बैठकर उन मार्गों का भ्रमण किया, जिनसे होकर विदेशी प्रतिनिधिमंडल का आवागमन होगा। इस दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, मार्ग संकेतक, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्वागत संबंधी तैयारियों का परीक्षण किया गया।
प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए निर्धारित मैरियट होटल और शेरेटन ग्रैंड पैलेस सहित अन्य स्थानों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने होटल प्रबंधन और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि सम्मेलन के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहें।
निरीक्षण के समय नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, स्मार्ट सिटी मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्थ जैन, एमपीआईडीसी के कार्यकारी अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार और रोशन राय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नई तकनीक, जल संरक्षण, खाद्य सुरक्षा, कृषि अनुसंधान और किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।