सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद में एक महिला अपने पति और प्रेमी दोनों के साथ एक ही घर में रहने की जिद पर अड़ गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो महिला अपने पति और प्रेमी के साथ कोतवाली पहुंच गई। महिला का कहना है कि वह पति और प्रेमी दोनों के साथ एक ही छत के नीचे रहना चाहती है। खास बात यह है कि महिला के पति से उसके 2 बच्चे भी हैं और पति ने भी पत्नी की इच्छा पर सहमति जताई है।
मामला महमूदाबाद क्षेत्र के फुलवारीपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले शुभम वर्मा की पत्नी अंजू और उनेरा गांव निवासी नितिन विश्वकर्मा के बीच संबंधों को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। बात बढ़ने के बाद मामला महमूदाबाद कोतवाली पहुंचा। वहां अंजू ने साफ कहा कि वह पति शुभम और प्रेमी नितिन, दोनों के साथ रहना चाहती है। अंजू के इस फैसले का परिवार के लोगों ने विरोध किया। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी और प्रेमी का इस तरह एक साथ रहना उचित नहीं है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
6 महीने पहले परिवार को बताने का दावा
अंजू का कहना है कि उसने करीब 6 महीने पहले ही अपने और नितिन के संबंधों की जानकारी मायके और ससुराल वालों को दे दी थी। उसके मुताबिक, उस समय परिवार के लोगों ने उससे कहा था कि वह प्रेमी के साथ कहीं न जाए और इसी घर में तीनों मिलकर रहें। अब परिवार के लोग उनके रिश्ते का विरोध कर रहे हैं।
पति के सामने मंदिर में शादी का दावा
अंजू ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उसने अपने पति शुभम की मौजूदगी में नितिन के साथ मंदिर में शादी की है। उसका कहना है कि शुभम और नितिन के बीच भी अच्छे संबंध हैं और दोनों एक-दूसरे को भाई मानते हैं। अंजू के मुताबिक, दोनों की आपस में इतनी बनती है कि यदि एक खाना नहीं खाता तो दूसरा भी खाना नहीं खाता। अंजू ने बताया कि नितिन उनेरा गांव का रहने वाला है। उसने यह भी कहा कि यदि भविष्य में उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी दोनों बहनें और जीजा इसके लिए जिम्मेदार होंगे।
पुलिस की समझाइश के बाद भी नहीं बनी बात
मामला सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने महिला, उसके पति और प्रेमी के साथ ही परिजनों को भी समझाने का प्रयास किया। पुलिस की कोशिश थी कि परिवार के बीच विवाद का कोई रास्ता निकले, लेकिन तीनों के साथ रहने को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है।
महमूदाबाद का यह मामला पिछले 48 घंटे से सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। स्थानीय स्तर पर लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की समझाइश के बावजूद मामला सुलझ नहीं पाया है और परिवार के बीच विवाद बना हुआ है।