शादी का झांसा देकर तलाकशुदा से 1.27 करोड़ खर्च कराने का आरोप, जयपुर का युवक गिरफ्तार!

उज्जैन। सोशल मीडिया और परिचितों के जरिए तलाकशुदा व संपन्न परिवारों की महिलाओं से नजदीकी बढ़ाकर शादी का भरोसा दिलाने और फिर महंगे शौक पूरे कराने के नाम पर रकम खर्च करवाने वाले युवक को उज्जैन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जयपुर निवासी 36 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे राजस्थान के पाली से पकड़ा। जांच में सामने आया है कि उसने उज्जैन के एक कारोबारी परिवार की तलाकशुदा बेटी से करीब 3 से 4 महीने में 1.27 करोड़ रुपए खर्च करवाए। शुरुआत में महिला ने पुलिस को 35 लाख रुपए की जानकारी दी थी, लेकिन बैंक लेन-देन और अन्य खर्चों की पड़ताल के बाद रकम बढ़कर 1.27 करोड़ रुपए सामने आई।

शादी का भरोसा देकर बनाया संबंध
पुलिस के अनुसार मनीष ने उज्जैन की महिला से संपर्क बढ़ाया और उसे शादी करने का भरोसा दिया। विश्वास कायम होने के बाद उसने महिला से अपने महंगे शौक पूरे कराने शुरू कर दिए। कभी कारोबार शुरू करने की जरूरत बताई गई तो कभी व्यापार में नुकसान होने की बात कहकर उससे रुपए खर्च करवाए गए। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध भी बनाए थे। इसके बाद माधवनगर थाने में 13 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बलात्कार और धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

35 लाख की शिकायत से खुला 1.27 करोड़ का मामला
शुरुआती शिकायत में महिला ने करीब 35 लाख रुपए की रकम का उल्लेख किया था। पुलिस ने जब आरोपी और महिला के बीच हुए लेन-देन की पड़ताल शुरू की तो मामला कहीं बड़ा निकला। बैंक खातों, ऑनलाइन खरीदारी, नकद भुगतान और महंगे सामान पर हुए खर्च की जांच में करीब 1.27 करोड़ रुपए की राशि सामने आई। पुलिस अब प्रत्येक लेन-देन का ब्योरा जुटा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रकम किस तरह और किन माध्यमों से आरोपी तक पहुंची।

रईस परिवारों की महिलाओं पर रखता नजर
टीआई गजेंद्र पचोरिया के मुताबिक आरोपी संभ्रांत और आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों की महिलाओं को निशाना बनाता था। वह सोशल मीडिया अथवा परिचितों के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था। इसके बाद जिस इलाके में महिला रहती थी, उसके आसपास किराए का मकान लेकर रहना शुरू कर देता था। नजदीकी बढ़ने के बाद शादी की बात करता और महिला का विश्वास जीत लेता था।
विश्वास बनने के बाद वह अपनी जरूरतें बताकर महिलाओं से आर्थिक मदद लेने लगता था। पुलिस के अनुसार आरोपी को महंगे कपड़े, जूते, मोबाइल, वाहन और लग्जरी सामान का शौक था। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल, नकदी और ऑनलाइन खरीदा गया सामान बरामद किया है।

फिल्मों से प्रभावित, बार-बार बदलता ठिकाना
पुलिस की पूछताछ में आरोपी के बारे में यह भी जानकारी सामने आई है कि वह फिल्मों से प्रभावित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मोबाइल नंबर और ठिकाने बदलता रहता था। पुलिस ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने के बाद पाली में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। अब उससे जुड़े दूसरे संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

धार की महिला को अहमदाबाद में पत्नी बनाकर रखा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने धार की एक महिला को अहमदाबाद में पत्नी बनाकर रखा हुआ है। इसके अलावा निम्बाहेड़ा की एक अन्य महिला को भी इसी तरह शादी का भरोसा देकर अपने संपर्क में रखने की जानकारी मिली है। हालांकि, इन दोनों महिलाओं ने अभी तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितनी महिलाओं को इसी तरीके से अपने जाल में फंसाया।

महिला से संपर्क के लिए शुरू की थी ज्वेलरी दुकान
जांच में एक ज्वेलरी दुकान का मामला भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक ज्वेलरी दुकान शुरू की थी और संबंधित महिला वहां उससे मिलने आती थी। अब पुलिस दुकान के दस्तावेज, उसके संचालन, लेन-देन और पैसों के स्रोत की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुकान वास्तव में कारोबार के लिए खोली गई थी या महिला से संपर्क बनाए रखने के लिए उसका इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन, बैंक खातों, ऑनलाइन खरीदारी, नकद लेन-देन और अन्य महिलाओं से संपर्क की जानकारी खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद यह साफ हो सकेगा कि उज्जैन की महिला के अलावा आरोपी ने और कितनी महिलाओं से इसी तरीके से रकम या महंगा सामान हासिल किया।

Leave a Comment