तिहाड़ में बंद अमेरिकी नागरिक की रिहाई के लिए परिवार ने मांगी अमेरिकी दखल, एनआईए 2-3 सितंबर को पूछताछ करेगी

नई दिल्ली। दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक की रिहाई और मामले में राजनयिक हस्तक्षेप के लिए उनके परिवार ने अमेरिकी सरकार से अपील की है। परिवार ने अमेरिकी दूतावास से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और वैन डाइक की स्थिति पर ध्यान देने का आग्रह किया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आतंकवाद से जुड़े मामले में उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही है।

2 दिन जेल में पूछताछ की मंजूरी
दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को एनआईए को मैथ्यू वैन डाइक और यूक्रेनी नागरिक कामिन्स्की विक्टर से 2 और 3 सितंबर को तिहाड़ जेल में पूछताछ करने की अनुमति दी है। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उन पर भारत और म्यांमार में सक्रिय जातीय सशस्त्र संगठनों से जुड़ी कथित साजिश में शामिल होने का आरोप है।
एनआईए ने 13 मार्च को वैन डाइक सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार लोगों में 6 यूक्रेनी नागरिक भी शामिल हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि यह समूह म्यांमार से मिजोरम सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। एजेंसी के मुताबिक, ये लोग किराए के लड़ाकों के तौर पर काम कर रहे थे और जातीय संगठनों के सदस्यों को ड्रोन युद्ध की ट्रेनिंग दे रहे थे। मामले में आरोपियों पर गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत कार्रवाई की गई है। 16 मार्च को अदालत ने एनआईए को वैन डाइक की 11 दिन की हिरासत मंजूर की थी।

परिवार ने वैन डाइक की सेहत पर जताई चिंता
वैन डाइक के परिवार और उनके वकीलों ने जेल में उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई है। परिवार का कहना है कि उनके पैर में चोट है, उनकी नजर कमजोर हो रही है और कई मौकों पर डॉक्टर की ओर से लिखी गई दवाएं भी उन्हें नहीं दी गईं। परिवार ने यह भी दावा किया कि उन्हें अमेरिकी रिश्तेदारों से बातचीत करने की अनुमति नहीं मिली। ‘सन्स ऑफ लिबर्टी इंटरनेशनल’ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वैन डाइक की 80 वर्ष से अधिक उम्र की मां को कई महीने पहले सिर्फ 5 मिनट के लिए आपातकालीन फोन कॉल की अनुमति मिली थी।

अदालत में भी बिगड़ी हालत का हवाला
परिवार के मुताबिक, 1 जून को अदालत ने इलाज और परिजनों से संपर्क से जुड़ी अर्जियां खारिज कर दी थीं। पेशी के दौरान वैन डाइक की हालत इतनी कमजोर थी कि वह खुद खड़े होने या चलने में भी सक्षम नहीं थे। अब उन्हें व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ रहा है। परिवार का कहना है कि लंबे समय से हिरासत में रहने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा और परिवार से संपर्क का अधिकार मिलना चाहिए।

मां ने कहा- बेटे की सुरक्षित वापसी चाहती हूं
मैथ्यू वैन डाइक की मां शेरोन ने अमेरिकी सरकार से मामले में हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए संकट की स्थिति है। उनके अनुसार, मैथ्यू ने अपना जीवन लोगों के दुख-दर्द को दर्ज करने और जरूरतमंदों की मदद करने में बिताया है। उन्होंने अपने बेटे की सुरक्षित घर वापसी की मांग की है।

Leave a Comment