इंदौर से अबुधाबी के लिए 4 दिन सीधी उड़ान 17 जुलाई से, शारजाह की जगह नया रूट !

इंदौर से अबुधाबी के लिए 4 दिन सीधी उड़ान 17 जुलाई से, शारजाह की जगह नया रूट !

 इंदौर। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर और अबुधाबी के बीच नई सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। कंपनी ने इस रूट पर टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है। नई सेवा 17 जुलाई से शुरू होगी। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर-शारजाह उड़ान को अपने आरक्षण सिस्टम से हटाकर उसकी बुकिंग बंद कर दी है।  अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव तथा युद्ध जैसे हालात के चलते कंपनी ने 28 फरवरी से शारजाह उड़ान का संचालन रोक दिया था। इसके बाद कई बार सेवा दोबारा शुरू करने की घोषणा की गई, लेकिन हर बार तारीख आगे बढ़ती रही। हाल ही में 1 जुलाई से उड़ान शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन सोमवार को इसे सिस्टम से ही हटा दिया गया।

यूएई जाने वालों को विकल्प
    शारजाह उड़ान बंद होने से इंदौर से संचालित प्रदेश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा के समाप्त होने की आशंका पैदा हो गई थी। ऐसे में अबुधाबी के लिए नई सीधी उड़ान की घोषणा ने यात्रियों और ट्रेवल कारोबार से जुड़े लोगों को राहत पहुंचाई है। ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने कहा कि शारजाह सेवा के लगातार टलने और अंततः बंद होने से यात्रियों के साथ ट्रेवल एजेंट्स भी निराश थे। अब अबुधाबी के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से यूएई जाने वालों को बेहतर विकल्प मिलेगा।

सप्ताह में 4 दिन चलेगी  
     नई उड़ान सप्ताह में 4 दिन संचालित होगी। यह सेवा रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी। एयरलाइन ने शुरुआती एकतरफा किराया 16 हजार से 17 हजार रुपए के बीच निर्धारित किया है। इससे इंदौर और यूएई के बीच यात्रा करने वाले लोगों को समय और खर्च दोनों की बचत होगी। व्यापारिक गतिविधियों तथा पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है।

यह होगा उड़ान का समय 
   आईएक्स-247 उड़ान इंदौर से शाम 7:50 बजे रवाना होगी और यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 9:35 बजे अबुधाबी पहुंचेगी। इस यात्रा में लगभग सवा 3 घंटे का समय लगेगा। वापसी में यही उड़ान अबुधाबी से स्थानीय समयानुसार रात 10:35 बजे प्रस्थान करेगी और भारतीय समयानुसार रात 3:20 बजे इंदौर पहुंचेगी। लौटने की यात्रा की अवधि भी करीब सवा 3 घंटे रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM