इंदौर में कोकीन नेटवर्क का मुंबई कनेक्शन पकड़ाया, मुंबई के नालासोपारा से नाइजीरियाई-युगांडा नागरिक गिरफ्तार!

इंदौर। शहर में कोकीन की स्थानीय डिलीवरी से पहले पकड़ी गई नाइजीरियाई महिला से पूछताछ के बाद पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े दो विदेशी नागरिकों को मुंबई के नालासोपारा से गिरफ्तार किया है। दोनों में एक नाइजीरिया और दूसरा युगांडा का नागरिक है। पुलिस ने महिला के मोबाइल की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पिछले रविवार को चंदन नगर पुलिस ने डिलीवरी से पहले एक नाइजीरियाई महिला को पकड़ा था। उसके कब्जे से करीब डेढ़ ग्राम कोकीन और मोबाइल फोन बरामद हुआ था। पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2024 में नाइजीरिया से भारत आई थी और बेंगलुरु में रहने लगी थी। बेंगलुरु पुलिस ने भी वर्ष 2024 में उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 121 ग्राम कोकीन बरामद की थी। उसे जुलाई में जमानत मिली थी।
इंदौर पुलिस ने महिला के मोबाइल में मिले संपर्कों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तो मुंबई के नालासोपारा से जुड़े लोगों की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां कार्रवाई कर युगांडा के नागरिक नतीजेबी और नाइजीरियाई नागरिक डेमियन को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कोकीन की आपूर्ति में सहयोग करते थे। जांच में नालासोपारा में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों की मौजूदगी और वहां से ड्रग नेटवर्क संचालित होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों के पासपोर्ट, मोबाइल संपर्क और स्थानीय कनेक्शन खंगाल रही है। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। प्रभारी डीसीपी जोन-4 नरेंद्र सिंह रावत के अनुसार, तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ की जा रही है।

Leave a Comment