इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन के यार्ड सुधार कार्य का असर, 11 जून को 4 यात्री गाड़ियां निरस्त, 8 डेमू सेवाएं सीमित

इंदौर। लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर यार्ड सुधार कार्य के चलते 11 जून को इंदौर रेल मंडल की कई रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले ही परिवर्तनों की सूचना जारी कर दी है। इस दौरान इंदौर-उज्जैन मार्ग पर चलने वाली 4 यात्री गाड़ियों को निरस्त किया गया है, जबकि महू, इंदौर और रतलाम के बीच संचालित 8 डेमू सेवाएं लक्ष्मीबाई नगर तक ही चलेंगी। इसके अलावा 9 से 11 जून के बीच 11 लंबी दूरी की गाड़ियों को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। रेलवे जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यार्ड के पुनर्गठन कार्य के कारण 11 जून को उज्जैन-इंदौर और इंदौर-उज्जैन के बीच चलने वाली सभी नियमित यात्री सेवाएं बंद रहेंगी। इनमें गाड़ी संख्या 69211 और 69213 उज्जैन-इंदौर यात्री गाड़ियां तथा गाड़ी संख्या 69212 और 69214 इंदौर-उज्जैन यात्री गाड़ियां शामिल हैं।

डेमू सेवाओं पर भी प्रभाव
महू और रतलाम के बीच चलने वाली डेमू सेवाओं पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। 11 जून को रतलाम से महू जाने वाली गाड़ी संख्या 79306, 79310, 79314 और 79318 लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेंगी। ये गाड़ियां लक्ष्मीबाई नगर से महू के बीच संचालित नहीं होंगी। वहीं महू से रतलाम जाने वाली गाड़ी संख्या 79305, 79309, 79313 और 79317 लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से प्रस्थान करेंगी। इनका महू से लक्ष्मीबाई नगर के बीच संचालन निरस्त रहेगा।

ये ट्रेनें प्रभावित होंगी
यार्ड कार्य के कारण कई लंबी दूरी की रेल सेवाओं का मार्ग भी बदला गया है। 9 जून को रामेश्वरम से फिरोजपुर कैंट जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस मक्सी, उज्जैन, फतेहाबाद और रतलाम होकर संचालित होगी। यह गाड़ी देवास और लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन नहीं जाएगी। 10 जून को भिंड-रतलाम एक्सप्रेस उज्जैन, फतेहाबाद और रतलाम मार्ग से चलेगी तथा इंदौर और देवास स्टेशन पर नहीं पहुंचेगी। इसी दिन प्रयागराज-इंदौर-महू एक्सप्रेस उज्जैन, देवास, लक्ष्मीबाई नगर और इंदौर होकर संचालित की जाएगी। 11 जून को रतलाम-ग्वालियर एक्सप्रेस को भी रतलाम, फतेहाबाद और उज्जैन मार्ग से चलाया जाएगा। यह गाड़ी इंदौर और देवास स्टेशन नहीं जाएगी। इसी दिन इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस इंदौर, लक्ष्मीबाई नगर, देवास और उज्जैन होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होगी, जबकि नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस उज्जैन, देवास और लक्ष्मीबाई नगर मार्ग से इंदौर पहुंचेगी।
महू-प्रयागराज एक्सप्रेस का संचालन भी 11 जून को इंदौर, लक्ष्मीबाई नगर, देवास और उज्जैन मार्ग से किया जाएगा। वहीं इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस इंदौर, लक्ष्मीबाई नगर, देवास, उज्जैन, फतेहाबाद और रतलाम होकर चलेगी। वापसी में जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस रतलाम, फतेहाबाद, उज्जैन, देवास और लक्ष्मीबाई नगर होते हुए इंदौर पहुंचेगी। इसी दिन महू-पटना विशेष गाड़ी का संचालन भी परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। यह गाड़ी इंदौर, लक्ष्मीबाई नगर, देवास और उज्जैन होकर चलेगी। इस दौरान इसका फतेहाबाद स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।

Leave a Comment