राजगढ़। जिले के ब्यावरा सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी शातिर महिला को गिरफ्तार किया है, जो शादी के नाम पर लोगों को ठगने का काम करती थी। यह महिला अब तक चार शादियां कर चुकी है और हर बार दूल्हे से नकदी व जेवर लेकर कुछ ही घंटों में फरार हो जाती थी। लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रही इस लुटेरी दुल्हन को आखिरकार भोपाल से दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, बांकपुरा निवासी रामगोपाल वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। इस कारण उसके पिता हजारीलाल वर्मा ने गांव के गोकुल वर्मा से रिश्ता देखने को कहा। गोकुल ने भोपाल के बैरसिया निवासी अपने साढ़ू जमनालाल वर्मा के माध्यम से दिव्या भवनानी नाम की युवती से रिश्ता तय कराया। 23 अप्रैल को ब्यावरा के अंजलि लाल मंदिर में दो लाख रुपये देकर शादी कराई गई। बहाना बनाकर वहां से फरार शादी के लगभग एक घंटे बाद ही दुल्हन दिव्या, गोकुल और जमनालाल के साथ बाथरूम जाने का बहाना बनाकर वहां से फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस ने गोकुल और जमनालाल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी दुल्हन एक साल तक पकड़ से दूर रही। दो बच्चों की मां, चार बार शादी जांच में सामने आया कि दिव्या भवनानी दो बच्चों की मां है और अब तक चार अलग-अलग युवकों से शादी कर उन्हें ठग चुकी है। हर बार वह सीधे-साधे कुंवारे युवकों को निशाना बनाती, शादी करती और अगले ही दिन नकदी व जेवर लेकर गायब हो जाती थी। वह नागपुर तक भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुकी है। पुलिस को उसकी तलाश में कई बार अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ा। कॉल विवरण के आधार पर पता चला कि वह नागपुर में है, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही वह एक और युवक को ठगकर भोपाल लौट आई थी। नाम, नंबर बदलकर बचती रही दिव्या की सबसे बड़ी चालाकी यह थी कि वह हर वारदात के बाद अपना नाम और दूरभाष संख्या बदल लेती थी। इसी वजह से पुलिस को उसे पकड़ने में काफी समय लगा। आखिरकार जब वह भोपाल में एक और शादी की तैयारी कर रही थी, तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।