नई दिल्ली। दिल्ली से इंदौर जाने वाले यात्रियों के लिए 21 से 26 जनवरी के बीच यात्रा करना मुश्किल हो सकता है। गणतंत्र दिवस पर होने वाले एयर शो की तैयारियों के चलते दिल्ली एयरपोर्ट को रोजाना कुछ घंटों के लिए बंद रखा जाएगा, जिससे कई उड़ानें प्रभावित होंगी।
विमानन सूत्रों के मुताबिक, इस अवधि में दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह 10:20 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक उड़ानों का संचालन बंद रहेगा। इस संबंध में नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) जारी कर दिया गया है।
उड़ानों पर रोक के कारण एयर इंडिया ने दिल्ली–इंदौर रूट की दोपहर की उड़ान को 21 से 26 जनवरी तक रद्द कर दिया है। यह उड़ान सामान्य दिनों में दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से इंदौर पहुंचती है और 12:40 बजे वापसी के लिए उड़ान भरती है। फिलहाल वापसी की उड़ान रद्द की गई है, जबकि आने वाली उड़ान भी जल्द रद्द हो सकती है।
एयर इंडिया ने इस अवधि की दोपहर की उड़ानों की बुकिंग को अपनी वेबसाइट से हटा दिया है। सामान्य दिनों में इस रूट पर एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुल छह उड़ानें चलती हैं, लेकिन 25 और 26 जनवरी को केवल दो उड़ानों की ही बुकिंग उपलब्ध है।
सूत्रों का कहना है कि इस दौरान इंडिगो की कुछ उड़ानें भी रद्द हो सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें।