नवंबर में आ सकती है सोनिया गांधी की आत्मकथा, राजीव गांधी की जयंती पर बच्चों ने लिखा भावुक संदेश

नई दिल्ली। ​सोनिया गांधी की आगामी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ की घोषणा के बाद उनके बच्चों, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक बेहद संवेदनशील संदेश साझा किया है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर सामने आए इन संदेशों में दोनों ने अपने माता-पिता के आत्मीय रिश्ते और जीवन के कठिन दौर का उल्लेख किया है।

​पिता के गुजरने के बाद मां का संघर्ष : राहुल गांधी
​राहुल गांधी ने अपनी मां को संबोधित करते हुए 35 वर्ष पूर्व का समय याद किया, जब उन्होंने अपने माता-पिता को अंतिम बार एक साथ देखा था। वर्ष 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा कि उस त्रासदी के बाद उन्होंने अपनी मां को हर चुनौती का सामना धैर्य, साहस और गरिमा के साथ करते देखा है। राहुल ने कहा कि पिता के चले जाने के बाद मां ने जिन कठिन परिस्थितियों को झेला, उसे वे और प्रियंका ही गहराई से समझ सकते हैं। उन्होंने सोनिया गांधी द्वारा अपनी जीवन यात्रा को दुनिया के सामने लाने के निर्णय पर प्रसन्नता जताई और कहा कि आज के दिन उनके पिता अपनी पत्नी को गर्व और स्नेह से देख रहे होंगे।

‘​एक खूबसूरत प्रेम कहानी और मां का वास्तविक व्यक्तित्व’
​प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने माता-पिता के संबंध को अपने समय की एक बेहद खूबसूरत प्रेम कहानी करार दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस रिश्ते को करीब से देखने का अवसर मिला। इस पुस्तक के जरिए लोग सोनिया गांधी को राजनीतिक व्यक्तित्व के रूप में ही नहीं, बल्कि उनके वास्तविक रूप में समझ सकेंगे। उन्होंने अपनी मां को एक साहसी, निष्ठावान और सहृदय महिला बताया जो आवश्यकता पड़ने पर दृढ और हास्यप्रिय भी हो सकती हैं। प्रियंका ने विश्वास जताया कि उनके पिता को भी सोनिया गांधी द्वारा इतनी सच्चाई से अपनी कहानी लिखने पर गर्व होता। अल्फ़्रेड ए नॉफ़ प्रकाशन समूह द्वारा तैयार की जा रही यह किताब 10 नवंबर 2026 को पाठकों के सामने आ सकती है।

Leave a Comment