लव मैरिज के बाद बिगड़ी जिंदगी, तलाक से पहले दूसरा विवाह करने का आरोप
रतलाम। यहां एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें कैंसर से पीड़ित पति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि बीमारी का पता चलते ही पत्नी ने उसका साथ छोड़ दिया और तलाक की प्रक्रिया पूरी हुए बिना ही दूसरी शादी कर ली। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने पर रतलाम की अदालत ने महिला के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
राजस्व कॉलोनी निवासी आकाश जाट ने बताया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से रतलाम की साक्षी नकुम से हुई थी। दोनों के बीच मित्रता हुई और लगभग छह महीने बाद उन्होंने 20 नवंबर 2022 को इंदौर के आर्य मंदिर में परिवार की इच्छा के विरुद्ध विवाह कर लिया। बाद में दोनों परिवारों की सहमति मिलने पर 13 दिसंबर 2022 को रीति-रिवाज से भी उनका विवाह संपन्न हुआ।
आकाश के अनुसार, विवाह के लगभग चार महीने बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। जांच के लिए वह बड़ोदरा गया, जहां 10 अप्रैल 2023 को चिकित्सकों ने गले की श्वासनली में कैंसर होने की पुष्टि की। उसका आरोप है कि बीमारी की जानकारी मिलते ही पत्नी का व्यवहार बदल गया। उसने दूरी बनानी शुरू कर दी और कथित रूप से यह तक कहने लगी कि तुम तो मर जाओगे, मेरा क्या होगा।
आकाश का कहना है कि इसके बाद साक्षी ने फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी। उसका आरोप है कि तलाक का मामला लंबित रहने के दौरान ही 10 जून 2024 को साक्षी ने छतरपुर के एक युवक से दूसरा विवाह कर लिया। आकाश का यह भी दावा है कि दूसरे विवाह से साक्षी की एक बेटी भी है। इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद उसने आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य जुटाकर अदालत का दरवाजा खटखटाया। इसी बीच फैमिली कोर्ट ने साक्षी की तलाक याचिका खारिज कर दी।
आकाश द्वारा बिना तलाक दूसरा विवाह करने के आरोप में दायर प्रकरण की सुनवाई के दौरान अदालत ने कई बार साक्षी को समन जारी किए, लेकिन वह पेश नहीं हुई। लगातार अनुपस्थिति को देखते हुए अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है।
फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आकाश का कहना है कि वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के साथ-साथ न्याय पाने की कानूनी लड़ाई भी लड़ रहा है। वहीं, इस मामले में आरोपी महिला का पक्ष अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।