सोनम रघुवंशी बोली, मैं शिलांग में हूं, नेपाल भागने की बात अफवाह !

शिलांग। इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी ने उन आरोपों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि वह जमानत मिलने के बाद नेपाल चली गई है। एक निजी चैनल से बातचीत में सोनम ने कहा कि वह शिलॉन्ग में ही रह रही हैं और उनके बारे में झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की।
सोनम ने कहा कि न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी जमानत शर्तों का वह पूरी तरह पालन कर रही हैं और आगे भी करती रहेंगी। उनका कहना है कि फिलहाल उनका इंदौर आने का कोई विचार नहीं है, क्योंकि मामला अभी शिलॉन्ग में विचाराधीन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुनवाई पूरी होने तक वह कहीं नहीं जाएंगी।

कहां रह रही, ये नहीं बताया
अपने वर्तमान निवास के बारे में सोनम ने बताया कि वह शिलॉन्ग में ही रह रही हैं, हालांकि सुरक्षा कारणों से सटीक स्थान सार्वजनिक नहीं करना चाहतीं। खर्चों के संबंध में उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। मामले पर सार्वजनिक राय और आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि चूंकि प्रकरण न्यायालय में लंबित है, इसलिए वह इस पर अधिक कुछ नहीं कहना चाहतीं।

राजा के भाई ने कहा था, वो नेपाल भाग गई
इस बीच, राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने आरोप लगाया था कि सोनम नेपाल भाग गई हैं और मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराए जाने की मांग की थी। विपिन का कहना है कि जब अन्य चर्चित मामलों की जांच केंद्रीय स्तर पर हो सकती है तो राजा रघुवंशी हत्याकांड की भी निष्पक्ष जांच के लिए ऐसा किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि मामला दो राज्यों, मध्य प्रदेश और मेघालय, से जुड़ा होने के कारण इसकी स्वतंत्र जांच आवश्यक है।

सोनम के अधिवक्ता सुदीप राणा ने सोनम के नेपाल भागने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि केवल नेपाली मूल का होने से यह नहीं माना जा सकता कि उनका नेपाल से कोई संबंध है। उनका जन्म, शिक्षा और निवास इंदौर में ही रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दिन यह आरोप लगाए गए, उसी दिन सोनम अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुई थीं, जिससे स्पष्ट है कि वह शिलांग में ही हैं।

पूरक आरोप-पत्र दाखिल
राणा ने बताया कि मामले में पूरक आरोप-पत्र दाखिल हो चुका है। अभियोजन पक्ष अपनी दलीलें रख चुका है और बचाव पक्ष ने भी अदालत में जवाब प्रस्तुत कर दिया है। विशेष रूप से आर्म्स एक्ट की धाराओं को लेकर अपना पक्ष रखा गया है। इस पर जवाब देने के लिए सरकारी पक्ष ने अगली सुनवाई तक समय मांगा है। बचाव पक्ष की अधिवक्ता प्रीति प्रधान ने कहा कि सोनम शिलॉन्ग में सुरक्षित हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विवरण सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा।

Leave a Comment