इंदौर इलाके में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सक्रियता के पीछे बड़ा षड़यंत्र हैरी बॉक्सर के करीबी राजपाल को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया

इंदौर। प्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सक्रियता को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। इंदौर में हाल ही में सामने आए करोड़ों रुपये की फिरौती के मामलों में अब बड़ा खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है। क्राइम ब्रांच ने गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के करीबी राजपाल को खरगोन से प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। दरअसल, शहर में बीते दिनों दो अलग-अलग मामलों में दो कारोबारियों से 10 करोड़ और एक उद्योगपति से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इन मामलों की खास बात यह रही कि आरोपियों ने वीपीएन नंबर का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया। जांच के दौरान खरगोन में भी इसी तरह की वारदात सामने आने से पुलिस का शक और गहरा गया। इसी कड़ी को जोड़ने और नेटवर्क तक पहुंचने के लिए राजपाल को इंदौर लाया गया है। डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि फिरौती कॉल्स के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है। करोड़ों की फिरौती और धमकियां इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में गैंग के नाम पर व्यापारियों और बिल्डरों से व्हाट्सअप कॉल के जरिए करोड़ों रुपये (10-15 करोड़ तक) की फिरौती मांगने के मामले सामने आए हैं। हैरी बॉक्सर और राजपाल का कनेक्शन: पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े ‘हैरी बॉक्सर’ के करीबी साथी राजपाल को खरगोन से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया, जिससे गैंग के नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है। संगठित अपराध की तरफ इशारा पुलिस से बचने के लिए बदमाश वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) नंबर्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो एक संगठित साइबर-अपराध सिंडिकेट की ओर इशारा करता है। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया है, जो भोपाल, इंदौर और खरगोन में गैंग की गतिविधियों की जांच कर रही है। अंतरराज्यीय नेटवर्क: जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क पंजाब और हरियाणा से आगे बढ़कर अब मध्य प्रदेश में भी पैर पसार चुका है, जिसमें विदेशी नंबर्स का इस्तेमाल किया जा रहा है।

Leave a Comment