रक्षाबंधन पर बहनों को मिलेगा तोहफा, अगले महीने 1500 रुपए भेजेगी सरकार: सीएम मोहन यादव

रक्षाबंधन पर बहनों को मिलेगा तोहफा, अगले महीने 1500 रुपए भेजेगी सरकार: सीएम मोहन यादव

लाड़ली बहना योजना

लाड़ली बहना योजना, भोपाल, 17 जून 2025: मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों को इस रक्षाबंधन सरकार की ओर से खास तोहफा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जबलपुर जिले के बेलखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जुलाई में लाड़ली बहना योजना की किस्त 1500 रुपए भेजी जाएगी, जिसमें 1250 रुपए की नियमित राशि के साथ 250 रुपए रक्षाबंधन के शगुन के तौर पर शामिल होंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जून महीने की 25वीं किस्त के रूप में 1 करोड़ 27 लाख से ज्यादा लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल 1551.44 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। इसके अलावा पेंशनधारियों को भी 341 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि उनके खातों में भेजी गई।

लाड़ली बहना योजना

सीएम ने अपने संबोधन में मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा, “कोई अमेरिका माता की जय नहीं बोलता, इंग्लैंड माता की जय नहीं कहता, लेकिन भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां ‘भारत माता की जय’ बोली जाती है। यह हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रमाण है कि यहां महिलाओं को सदियों से विशेष सम्मान प्राप्त है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “बहनों का आशीर्वाद मिल जाए तो जीवन धन्य हो जाता है। आज आपने मुझे इतनी सुंदर टोपी दी है, ऐसा लग रहा है जैसे बहनों की चमक मेरे सिर पर उतर आई हो।”

जबलपुर को मिले कई विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेलखेड़ा में कॉलेज खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही राजस्व कार्यालय और मुख्यमंत्री के ठहरने की व्यवस्था के लिए भवन निर्माण की बात भी कही। कार्यक्रम में उन्होंने 22 करोड़ 44 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

इनमें से 5 निर्माण कार्यों का लोकार्पण 15.09 करोड़ रुपए की लागत से और 3 कार्यों का भूमिपूजन 7.43 करोड़ रुपए में किया गया। यह कार्यक्रम पहले 13 जून को प्रस्तावित था, लेकिन अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना के कारण स्थगित कर दिया गया था।

भेड़ाघाट में सीएम ने पी चाय, ऑनलाइन किया पेमेंट

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जबलपुर से लौटते वक्त भेड़ाघाट बायपास पर बृजेश लोधी की शंकर चाट भंडार पर रुके। वहां उन्होंने चाय पी और फिर मोबाइल से ऑनलाइन पेमेंट कर लोगों को डिजिटल लेन-देन के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान उनके साथ जबलपुर सांसद आशीष दुबे, बरगी विधायक नीरज सिंह, कैंट विधायक अशोक रोहाणी, पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह, कलेक्टर दीपक सक्सेना और एसपी संपत उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM