भोपाल। प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 9 अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए। इस फेरबदल में शहडोल और शाजापुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बदले गए। जबकि सागर, नर्मदापुरम और भोपाल ग्रामीण जोन में नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किए गए है। दो वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया।
जारी तबादला सूची के अनुसार संजय कुमार अग्रवाल को शहडोल का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है। वहीं प्रियंका शुक्ला को शाजापुर जिले के नए पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। आईजी स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। मिथिलेश शुक्ला को सागर रेंज का नया आईजी बनाया है। वे अब तक नर्मदापुरम जोन के आईजी थे और सागर रेंज का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। हिमानी खन्ना के सेवानिवृत्त होने के बाद सागर आईजी का पद अतिरिक्त प्रभार से संचालित किया जा रहा था।
चंद्रशेखर सोलंकी, जो वर्तमान में इंदौर एसएएफ रेंज में पदस्थ हैं, उन्हें आईजी नर्मदापुरम जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं रुचि वर्धन मिश्रा को आईजी प्रशासन, पीएचक्यू से बदलकर आईजी (ग्रामीण जोन) भोपाल बनाया गया।
किसे कहां मिली नई जिम्मेदारी
– रुचि वर्धन मिश्रा : आईजी (ग्रामीण जोन) भोपाल।
– मिथिलेश शुक्ला : आईजी, सागर रेंज।
– चंद्रशेखर सोलंकी : आईजी, नर्मदापुरम जोन।
– हरिनारायणचारी मिश्रा : आईजी (प्रशासन) पीएचक्यू।
– संजय कुमार अग्रवाल : पुलिस अधीक्षक, शहडोल।
– प्रियंका शुक्ला : पुलिस अधीक्षक, शाजापुर।
– सिमाला प्रसाद : डीआईजी, खरगोन रेंज।
– यशपाल सिंह राजपूत : पुलिस अधीक्षक रेल, इंदौर।
– रामजी श्रीवास्तव : एआईजी, पुलिस अकादमी भौंरी।
आदर्श कटियार और अनुराग को मिला अतिरिक्त प्रभार
तबादला आदेश के साथ राज्य सरकार ने दो वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी है। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ स्पेशल डीजी दूरसंचार, पीएचक्यू का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं आईजी इंदौर ग्रामीण जोन अनुराग को आईजी एसएएफ इंदौर रेंज और आईजी आरएपीटीसी इंदौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।