रोहतास। बिहार के रोहतास जिले में भीषण गर्मी के बीच आयोजित पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसपी-2) प्रशिक्षण केंद्र में 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान 11 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इनमें से कई प्रशिक्षु दौड़ते समय ट्रैक पर ही गिरकर बेहोश हो गईं, जिससे प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, नई चयनित महिला जवानों का नियमित प्रशिक्षण चल रहा था। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को 16 किलोमीटर लंबी दौड़ आयोजित की गई थी। उस समय क्षेत्र में तापमान लगभग 42 डिग्री दर्ज किया गया था और तेज धूप के साथ उमस भी बनी हुई थी। दौड़ के दौरान कुछ प्रशिक्षुओं को चक्कर आने लगे, जबकि कई को अत्यधिक थकान और गर्मी का असर महसूस हुआ।
11 महिला प्रशिक्षु सिपाही बीमार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक के बाद एक महिला प्रशिक्षु सिपाहियां ट्रैक पर गिरने लगीं। स्थिति गंभीर होते देख प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों ने तत्काल चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की और प्रभावित प्रशिक्षुओं को अस्पताल पहुंचाया। सभी 11 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों को प्राथमिक उपचार के लिए डेहरी ऑन सोन के अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। जांच के दौरान 4 प्रशिक्षुओं की हालत अपेक्षाकृत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल, सासाराम रेफर कर दिया गया।
गंभीर प्रशिक्षु निगरानी में
अस्पताल सूत्रों के अनुसार गंभीर प्रशिक्षुओं को विशेष निगरानी में रखा गया है, जबकि अन्य महिला प्रशिक्षुओं की स्थिति में उपचार के बाद सुधार देखा गया। कुछ प्रशिक्षुओं को स्वास्थ्य लाभ मिलने पर वापस प्रशिक्षण केंद्र भेज दिया गया। घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र में गर्मी के मौसम में आयोजित होने वाले शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल सभी प्रभावित प्रशिक्षुओं की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है।