लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का गुर्गा राहुल पकड़ाया, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई!

     इंदौर। क्राइम ब्रांच ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश राहुल सिंह राठौर उर्फ बाबा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर विशेष कार्य बल की ओर से 15 हजार रुपए और क्राइम ब्रांच इंदौर की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

    पुलिस के अनुसार राहुल सिंह गिरोह के मुख्य सरगना राजपाल चंद्रावत का करीबी सहयोगी था और शहर में गिरोह की गतिविधियों को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी व्यापारियों और व्यवसायियों को धमकाने, अवैध वसूली कराने, हथियार उपलब्ध कराने तथा फायरिंग और रेकी के लिए युवकों की व्यवस्था करने का काम करता था। क्राइम ब्रांच को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बदमाश इंदौर में व्यापारियों को डराकर अवैध रूप से रकम वसूल रहे हैं। इसी मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी राजपाल चंद्रावत से पूछताछ के दौरान राहुल सिंह राठौर का नाम सामने आया था।

    इसके बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और सूचना तंत्र सक्रिय करने के बाद पुलिस को राहुल सिंह के देवास जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए देवास जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत ग्राम बिजाना में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

उसके जिम्मे लेनदेन का काम 
     पूछताछ के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों के बीच पैसों के लेन-देन का समन्वय करता था। वह गिरोह को तकनीकी सहायता सहित अन्य जरूरी मदद भी उपलब्ध कराता था। पुलिस के अनुसार आरोपी की भूमिका केवल सहयोगी तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह गिरोह की गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित कराने में भी सक्रिय था। जांच में यह भी पता चला है कि राहुल सिंह, राजपाल चंद्रावत के लिए हथियारों की व्यवस्था करता था। इसके अलावा फायरिंग और रेकी जैसे कामों के लिए युवकों को भेजने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क किन-किन लोगों से थे और शहर में गिरोह का नेटवर्क कितना फैला हुआ है।

आपराधिक रिकॉर्ड मिला 
    क्राइम ब्रांच की जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ इंदौर क्राइम ब्रांच थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में गिरोह से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम और अवैध गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में संगठित अपराध और अवैध वसूली करने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। व्यापारियों और व्यवसायियों को धमकाने वाले आरोपियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि शहर में भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Comment