रतलाम के सराफा व्यापारी से 5.50 करोड़ की लूट का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

8.214 किलो सोने-चांदी के आभूषण बरामद

रतलाम। सराफा व्यापारी से हुई करीब 5.50 करोड़ रुपये की लूट का रतलाम पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटे गए 5 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। वारदात की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही साइबर तकनीक, भौतिक साक्ष्यों और पूछताछ के जरिए जांच को आगे बढ़ाया गया।
घटना 13 अगस्त 2026 की रात बिलपांक थाना क्षेत्र में हनुमान चौकी और उमरथाना फंटा के पास हुई थी। रतलाम की जैन कॉलोनी निवासी अर्पित पिता ललित कुमार चोरड़िया गणेश मार्केट, चांदनी चौक में सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करते हैं। उनका बड़नगर के व्यापारियों से भी व्यापारिक लेन-देन है।

बड़नगर से लौटते समय बैग छीना
13 अगस्त को अर्पित व्यापारिक काम से बड़नगर गए थे। वहां अलग-अलग व्यापारियों को सोने के आभूषण देने के बाद वे रात की बस से रतलाम लौट रहे थे। बस जब हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा के पास पहुंची, तभी बड़नगर से बस में सवार हुए 2 व्यक्ति व्यापारी के पास पहुंचे और उनका बैग छीनने लगे।
अर्पित ने बैग को मजबूती से पकड़ लिया और विरोध करते हुए शोर मचाया। इसी दौरान उनके साथियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा नकदी और जरूरी दस्तावेज भी रखे थे। शिकायत मिलने के बाद बिलपांक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए
वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन राकेश गुप्ता के निर्देशन में, पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस दल बनाए गए। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक आने-जाने वाले मार्गों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। व्यापारी के साथ बस चालक, परिचालक और क्लीनर से भी पूछताछ की गई। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से मिले भौतिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया।

सुराग जोड़कर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची
जांच के दौरान साइबर सेल ने संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और उनके बीच हुए संपर्कों से जुड़े तकनीकी तथा डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और मौके पर की गई जांच से मिले सुरागों को आपस में जोड़ने के बाद पुलिस संदिग्धों तक पहुंच गई।
15 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं और लूट का माल भी उनके पास है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस दल ने इलाके की घेराबंदी की और 6 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

लूटा गया माल बरामद किया
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके पास से 238 नग सोने के आभूषण बरामद किए, जिनका वजन 4.167 किलोग्राम है। इसके अलावा 183 नग चांदी के आभूषण मिले, जिनका वजन 4.047 किलोग्राम है। इस तरह कुल 421 नग सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनका कुल वजन 8.214 किलोग्राम है। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 5 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उनका किसी अन्य आपराधिक वारदात से संबंध तो नहीं है।

Leave a Comment