मोतिहारी के लाल का ब्रिटेन में डंका, राजस्थान की रसोई से ब्रिटिश शाही महल तक पहुंचे शेफ नंद किशोर यादव!

मोतिहारी। बिहार से निकले भारतीय शेफ नंद किशोर यादव को किंग चार्ल्स 3 और क्वीन कैमिला की ‘रॉयल गार्डन पार्टी’ में विशेष निमंत्रण मिला है। इस तरह उनकी ढाई दशक की मेहनत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। मोतिहारी जिले में जन्मे शेफ नंद किशोर यादव ने अपनी मेहनत, निष्ठा और स्वाद के हुनर के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह एक नया इतिहास रच दिया।
भारत से शुरू हुआ उनका लगभग 25 वर्षों का पाक कला सफर अब सीधे ब्रिटिश शाही परिवार की दहलीज तक जा पहुंचा है। नंद किशोर को स्कॉटलैंड के एडिनबरा में स्थित ऐतिहासिक ‘पैलेस ऑफ होलीरूडहाउस’ में आयोजित प्रतिष्ठित ‘रॉयल गार्डन पार्टी’ में विशेष मेहमान के रूप में आमंत्रित किया गया। इस शाही कार्यक्रम की मेजबानी ब्रिटेन के किंग चार्ल्स (3) और क्वीन कैमिला ने की।

यह शाही परंपरा का बेहद खास आयोजन
ब्रिटिश शाही परंपरा में ‘रॉयल गार्डन पार्टी’ बेहद खास और प्रतिष्ठित आयोजन माना जाता है। गर्मियों के मौसम में ब्रिटेन के सम्राट एक सप्ताह का समय स्कॉटलैंड में व्यतीत करते हैं, जिसे ‘होलीरूड वीक’ या ‘रॉयल वीक’ कहा जाता है। इस अवधि में आयोजित होने वाले गार्डन पार्टी समारोह में समाज, संस्कृति और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित तौर पर आमंत्रित किया जाता है। ऐसे गरिमामय आयोजन में स्थान पाना नंद किशोर यादव के साथ-साथ पूरे देश के लिए अत्यंत गर्व की बात है।
इस अविस्मरणीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नंद किशोर ने कहा कि ‘पैलेस ऑफ होलीरूडहाउस’ में कदम रखना उनके जीवन का सबसे गौरवान्वित करने वाला क्षण है। मोतिहारी की गलियों से निकलकर ब्रिटेन में पहचान बनाने के बाद शाही महल में मिलना एक ऐसा अनुभव है जिसे वे जीवन भर संजोकर रखेंगे। महल के प्रांगण में खड़े होकर उन्होंने अपने शुरुआती दिनों के संघर्ष को याद किया और अपनी भारतीय पहचान पर गर्व महसूस किया।

राजस्थान की रसोई से होकर अमेरिका पहुंचे
नंद किशोर यादव के पेशेवर करियर की शुरुआत वर्ष 1999 में हुई थी। उन्होंने सबसे पहले राजस्थान के आलीशान लग्जरी होटलों की रसोइयों से खाना बनाने की बारीकियां सीखीं और भारतीय क्षेत्रीय व्यंजनों में महारत हासिल की। इसके बाद उन्होंने अमेरिका में प्रसिद्ध ‘कार्निवल क्रूज’ पर कार्य किया, जहां उन्हें दुनिया भर के अंतरराष्ट्रीय शेफ के साथ काम करने और वैश्विक स्वाद को समझने का अवसर मिला।

25 साल के सफर में कई कुजीन में विशेषज्ञता
वर्ष 2007 में नंद किशोर ब्रिटेन पहुंचे, जहां उन्होंने फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्हें दुनिया के जाने-माने ब्रिटिश सेलिब्रिटी शेफ गॉर्डन रामसे के साथ भी काम करने का मूल्यवान अनुभव मिला। अपने 25 वर्षों के लंबे करियर में उन्होंने भारतीय, फ्रेंच, इटैलियन, मेडिटेरेनियन और साउथ अमेरिकन कुजीन में विशेषज्ञता हासिल की है। विशेष रूप से अलग-अलग संस्कृतियों के स्वाद को मिलाने वाली ‘फ्यूजन कुजीन’ के क्षेत्र में उन्होंने अपनी एक अलग छाप छोड़ी है।
वर्तमान में नंद किशोर यादव लंदन के पास स्थित होलीपोर्ट गांव के प्रसिद्ध पब ‘द व्हाइट हार्ट’ से जुड़े हुए हैं और एक पुरस्कार विजेता शेफ तथा कैटरर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका मानना है कि ब्रिटिश राजपरिवार से मिला यह निमंत्रण केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उनकी भारतीय सांस्कृतिक विरासत और ब्रिटेन की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में दिए गए योगदान का सच्चा सम्मान है।

Leave a Comment