रिसोर्ट में युवती के साथ पकड़े जाने के बाद भड़का आक्रोश, महू में सड़क जाम कर सख्त कार्रवाई की मांग इंदौर।
जिले के पातालपानी क्षेत्र में रविवार को एक घटना ने माहौल गरमा दिया। एक निजी रिसोर्ट में एक डॉक्टर को युवती के साथ संदिग्ध हालात में पकड़े जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में नाराजगी फैल गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

दुष्कर्म, आपत्तिजनक फोटो व वीडियो पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुछ समय पहले वह इलाज के लिए गुजर खेड़ा स्थित डॉक्टर के क्लिनिक पर गई थी। उसका आरोप है कि डॉक्टर ने उसे नशीला इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं के जरिए उसे लगातार डराया-धमकाया गया और संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाता रहा।
घर और क्लिनिक पर हमला घटना के सामने आते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने अंबा चंदन स्थित आरोपी के घर पर पथराव किया, जिससे नुकसान हुआ, वहीं आग लगाने की भी कोशिश की गई। गुजर खेड़ा में स्थित उसके क्लिनिक में भी तोड़फोड़ की गई। रूपेश द्विवेदी के अनुसार, हालात बिगड़ते देख पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।

महू में प्रदर्शन, तीन घंटे तक चक्का जाम पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस घटना के विरोध में सोमवार को महू में प्रदर्शन तेज हो गया। अलग-अलग संगठनों ने इंदौर-महू मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हालात संवेदनशील बने हुए हैं और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है।