Indore से ओंकारेश्वर का सफर आसान होगा, 4-लेन प्रोजेक्ट से आधे समय में पहुंचेगे श्रद्धालु!

भेरूघाट, बाई ग्राम और चोरल घाट में बन रहीं 3 सुरंग, मोड़ों से मिलेगी राहत!

इंदौर। Indore से खंडवा जिले के ओंकारेश्वर तक का सफर जल्द ही तेज, सुरक्षित और आधुनिक होने जा रहा है। तेजाजीनगर से बलवाड़ा के बीच 33.40 किलोमीटर लंबे चार लेन मार्ग का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत तीन अत्याधुनिक सुरंगें हैं, जो भेरूघाट, बाईग्राम और चोरल घाट के खतरनाक मोड़ों और ढलानों को समाप्त कर देंगी।

सुरंग की लंबाई 1.8 किमी होगी

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के क्षेत्रीय अधिकारी श्रवण कुमार सिंह के अनुसार घाटी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए निर्माण में न्यू ऑस्ट्रेलियन टनलिंग मेथड (एनएटीएम) और इलेक्ट्रॉनिक ब्लास्टिंग तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।

परियोजना के तहत भेरूघाट में 575 मीटर, बाई ग्राम में 480 मीटर और चोरल घाट में 550 मीटर लंबी सुरंग बनाई जा रही हैं। इनकी कुल लंबाई करीब 1.8 किलोमीटर होगी, जिससे रास्ता सीधा और सुरक्षित बनेगा।

आधा हो जाएगा सफर का समय

फिलहाल इंदौर से ओंकारेश्वर पहुंचने में 2.5 से 3 घंटे का समय लगता है, लेकिन इस परियोजना के पूरा होने के बाद यह समय लगभग आधा रह जाएगा। सिंहस्थ-2028 के दौरान यह मार्ग श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।

परियोजना में एक मेजर ब्रिज, 14 माइनर ब्रिज, एक रेलवे ओवर ब्रिज, दो वायाडक्ट, चार व्हीकल अंडरपास और छह छोटे अंडरपास भी बनाए जा रहे हैं। यह मार्ग इंदौर-हैदराबाद कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे माल परिवहन और व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और  NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।

Leave a Comment