खाना पूजा के बीच पहुंचा गलत ऑर्डर, परिवार ने जताई नाराजगी
इंदौर में नवरात्रि के दौरान फूड डिलीवरी से जुड़ी एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। शहर के गुलाबबाग इलाके में रहने वाले राहुल तिवारी के परिवार ने झोमेटो के जरिए वेज कॉम्बो मील और चिली पनीर ऑर्डर किया था, लेकिन डिलीवरी में उन्हें चिली चिकन भेज दिया गया। यह घटना उस समय हुई, जब घर में नवरात्र की पूजा चल रही थी और परिवार व्रत के नियमों का पालन कर रहा था।

पैकेट खोलते ही सामने आई गलती रविवार शाम करीब 15 मिनट में 363 रुपये का ऑर्डर घर पहुंचा। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन जैसे ही पैकेट खोला गया, परिवार हैरान रह गया। कॉम्बो के बाकी आइटम सही थे, लेकिन एक डिश में चिली पनीर की जगह चिली चिकन निकला। धार्मिक माहौल में नॉनवेज खाना देखकर परिवार ने तुरंत उसे अलग रख दिया और इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
ऐप पर शिकायत, कंपनी ने लौटाए पैसे घटना के तुरंत बाद राहुल तिवारी ने ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। कंपनी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पूरी राशि वापस कर दी। हालांकि, जिस रेस्टोरेंट नाईट किंग से ऑर्डर आया था, उसने गलती मानने के बावजूद पार्सल वापस लेने से इनकार कर दिया। थाने पहुंचा मामला, एफआईआर दर्ज घटना से आहत होकर राहुल तिवारी ने सोमवार को लसूडिया थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार का कहना है कि यह सिर्फ एक गलती नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है। उन्होंने आगे उपभोक्ता आयोग में भी शिकायत करने की बात कही है।