सरकारी बंगले बने नेताओं की जागीर! 10 करोड़ का किराया अटका, अब सरकार ने बजाई नोटिस की घंटी!
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सरकारी बंगलों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। पद और जिम्मेदारी खत्म होने के बाद भी कई पूर्व सांसद, मंत्री और विधायक सरकारी आवास खाली करने को तैयार नहीं हैं। हालात ये हैं कि 23 पूर्व नेताओं और अन्य लोगों पर सरकारी बंगलों का करीब 10 करोड़ रुपये किराया बकाया बताया जा रहा है। संपदा संचालनालय ने सभी को बकाया राशि जमा करने के लिए नोटिस भेजे हैं। अब सवाल यह है कि क्या नोटिस के बाद वसूली भी हो पाएगी या मामला यूं ही चलता रहेगा?
पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर पूर्व सांसद तक बकाएदारों की सूची में
बकाया किराये की सूची में कई बड़े नाम शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के नाम आवंटित सरकारी बंगले बी-30 पर करीब 32 लाख रुपये बकाया बताए गए हैं। फिलहाल इस बंगले में उनके बड़े बेटे प्रकाश जोशी रह रहे हैं।
वहीं, पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर करीब 18 लाख रुपये का किराया बकाया है। पूर्व मंत्री प्रभुराम चौधरी और अरविंद भदौरिया पर लगभग 17-17 लाख रुपये की देनदारी बताई गई है। पूर्व मंत्री मीना सिंह पर 17 लाख 52 हजार रुपये और रामपाल सिंह पर करीब 16 लाख रुपये बकाया हैं।
मीना सिंह के बंगले बी-27 के बाहर आवास खाली करने और बकाया जमा करने से जुड़े नोटिस भी चस्पा किए गए हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री का नाम भी सूची में
बकाएदारों में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन का नाम भी शामिल है। उनके बंगले पर करीब 13 लाख रुपये बकाया बताए गए हैं। इसके अलावा पूर्व सांसद केपी यादव पर 9 लाख, दिलीप कुमार कुशवाह पर 15 लाख और बहुजन समाज पार्टी के कार्यालय पर करीब 11 लाख रुपये की देनदारी बताई गई है। कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह चौहान पर भी 15 से 18 लाख रुपये तक बकाया होने की जानकारी सामने आई है।
कुछ नेताओं ने जमा की राशि
इस मामले में राहत की बात यह है कि पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपना बकाया किराया जमा करा दिया है। दोनों पर करीब 9-9 लाख रुपये की देनदारी थी।
आम आदमी पर सख्ती, रसूखदारों पर कब कार्रवाई?
इस पूरे मामले ने सरकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिक बिजली बिल या मकान का किराया समय पर जमा नहीं करता तो उसे जल्द ही कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। लेकिन लाखों रुपये का सरकारी किराया सालों तक बकाया रहने के बावजूद कार्रवाई नोटिस तक सीमित क्यों रही?
अब देखना होगा कि सरकार सिर्फ नोटिस जारी करके रह जाती है या फिर सरकारी बंगलों का बकाया किराया वसूलने और आवास खाली कराने के लिए कोई ठोस कदम भी उठाती है।

Leave a Reply