वोट चोरी’ पर विपक्ष का बड़ा दांव, राष्ट्रपति को ज्ञापन, ईवीएम की जगह मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग!

वोट चोरी’ पर विपक्ष का बड़ा दांव, राष्ट्रपति को ज्ञापन, ईवीएम की जगह मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग!

नई दिल्ली। चुनावों में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत 10 नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। विपक्ष ने ईवीएम के बजाय मतपत्रों से चुनाव कराने और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों पर ध्यान देने की मांग की। अब विपक्षी नेता सोमवार को प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत से मिलने का प्रयास करेंगे।


राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद खड़गे ने कहा कि विपक्ष पिछले 4 दिनों से ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आंदोलन कर रहा है। राष्ट्रपति ने आरोपों के समर्थन में सबूत मांगे हैं, जिन्हें विपक्ष उपलब्ध कराएगा। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

गड़बड़ियों के सबूत राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे
ममता बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति का रुख नकारात्मक नहीं था और उन्होंने विपक्ष की मांगों पर गौर करने का भरोसा दिया। वहीं, राहुल गांधी ने बैठक को ‘अद्भुत’ बताते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची है। राहुल के मुताबिक, विपक्ष ने चुनाव दर चुनाव कथित गड़बड़ियों के सबूत जुटाए हैं, जिन्हें राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।

पुलिस ने रोकने की कोशिश की
इससे पहले विपक्षी नेताओं ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में बैठक कर आंदोलन की आगे की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी दोहराई। बैठक के बाद राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च कर रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने विजय चौक पर रोक दिया। इसके बाद सांसद सड़क पर बैठ गए और सरकार तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने ‘सेव डेमोक्रेसी’ यानी लोकतंत्र बचाओ का बैनर लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

ये नेता शामिल हुए बैठक में
बैठक में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की नेता सुप्रिया सुले, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी मोहम्मद बशीर, माकपा महासचिव एमए बेबी, भाकपा महासचिव डी. राजा, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और मोहिबुल्लाह नदवी तथा निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल समेत कई नेता शामिल हुए।

सोमवार को सीजेआई से मिलने का प्रयास
राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने के बाद विपक्ष अब सर्वोच्च न्यायालय का रुख करने की तैयारी में है। सोमवार को प्रधान न्यायाधीश से मिलने का प्रयास इसी कड़ी का हिस्सा है। विपक्ष ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM