इंदौर के लैंटर्न चौराहे की जेब्रा क्रॉसिंग पर ट्रैफिक रोककर रील बनाने वाली युवती गिरफ्तार!

सोशल मीडिया वीडियो पर वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

इंदौर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए सड़क को रील बनाने का मंच बनाना एक युवती को भारी पड़ गया। लैंटर्न चौराहे की व्यस्त सड़क पर जेब्रा क्रॉसिंग के बीच लेटकर वीडियो बनाने और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित करने के मामले में तुकोगंज पुलिस ने युवती को गिरफ्तार किया है। युवती खुद को सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर बताती है। उसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ था। वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो मामले की जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार, शुक्रवार को सामने आए वीडियो में एक युवती लैंटर्न चौराहे की जेब्रा क्रॉसिंग पर सड़क के बीचों बीच लेटी दिखाई दे रही थी। उसके सड़क पर इस तरह लेटने से कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यातायात भी रुक गया। जांच में पता चला कि युवती ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर ज्यादा लाइक्स और फॉलोअर्स हासिल करने के उद्देश्य से बनाया था।

सोशल मीडिया जांच से पहचान
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने साइबर विशेषज्ञों की मदद से युवती के सोशल मीडिया खाते की पड़ताल की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही युवती की पहचान प्रकृति राजेश गौर, निवासी खजराना, के रूप में हुई। इसके बाद कमिश्नरेट के खुफिया विभाग में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर तुकोगंज थाने में युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।

व्यस्त चौराहे पर रील बनाई
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने वीडियो बनाने के लिए ऐसे स्थान को चुना, जहां लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है। जिस जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल राहगीरों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराने के लिए किया जाता है, वहीं वह सड़क पर लेट गई। इस दौरान उसका वीडियो बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया खाते पर प्रसारित कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने युवती के इस कृत्य पर सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का व्यवहार दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी के साथ दुर्घटना का कारण भी बन सकता है।

रील बाजों पर नजर
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रील और छोटे वीडियो बनाने के नाम पर सार्वजनिक स्थानों पर यातायात बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। व्यस्त चौराहों और मुख्य सड़कों पर खतरनाक तरीके से वीडियो बनाने, सड़क पर स्टंट करने या जानबूझकर वाहनों की आवाजाही रोकने जैसी गतिविधियों पर पुलिस की नजर रहेगी। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के सोशल मीडिया खातों की जांच कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment