कम ब्याज पर लोन का झांसा देकर हरिद्वार की महिला ने इंदौर में ₹28 लाख ठगे, मिलने आई, तो पुलिस ने दबोचा!

इंदौर। स्टेट साइबर पुलिस ने कम ब्याज पर लोन दिलाने का लालच देकर 28 लाख से अधिक की ठगी करने वाली एक महिला को बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने डॉक्टर से अलग-अलग बहानों से रकम ऐंठती रही और बाद में फरार हो गई थी। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।

टीआई दिनेश वर्मा ने बताया कि डॉक्टर अनीश कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें ‘लोन सारथी’ नाम से काम करने वाली कंपनी की ओर से रितीका सेठी नाम की महिला का कॉल आया था। महिला ने बेहद कम ब्याज दर पर बड़ा लोन दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने प्रोसेसिंग फीस, रिफंड और वेरिफिकेशन के नाम पर अलग-अलग किश्तों में करीब 28 लाख 68 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

पहले भी कई को ठगा
जांच में सामने आया कि रितिका सेठी मूल रूप से हरिद्वार की रहने वाली है और वर्तमान में दिल्ली में रह रही थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि उसने मुंबई में मारिया नाम की महिला के साथ इसी तरह की ठगी करते हुए करीब 12 लाख रुपए हड़प लिए थे। उस मामले में मुंबई में एफआईआर दर्ज हुई थी, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। वहीं चेन्नई में भी उसने कुछ समय पहले इसी तरह की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था, हालांकि वहां अब तक प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है।

इंदौर बुलाया और पकड़ाया
पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार अलग-अलग नंबरों से डॉक्टर अनीश के संपर्क में बनी हुई थी। उसे पकड़ने के लिए अनीश ने नकद भुगतान देने और आने-जाने का खर्च उठाने का लालच देकर मुलाकात तय की। रितीका विमान से इंदौर पहुंची और एक कैफे में मिलने आई। इसी दौरान पहले से मौजूद साइबर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस पूरे गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब उसके संपर्कों और बैंक खातों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Comment