दमोह में ओलावृष्टि से राहत, 48 जिलों में लू का अलर्ट जारी
भोपाल। नौतपा के चौथे दिन भी मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में रहा। प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी खजुराहो में रही, जहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती तपिश और चलती गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
राजगढ़ में 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि दतिया में 45.7 डिग्री रहा। नौगांव तथा दमोह और मलाजखंड में 45.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। टीकमगढ़ में 45.2 डिग्री, सतना में 45.1 डिग्री और मंडला तथा सागर में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा गुना में 44.7 डिग्री, श्योपुर में 44.6 डिग्री, रायसेन में 44.2 डिग्री तथा रीवा और छिंदवाड़ा में 44 डिग्री तापमान रहा।

बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म
प्रदेश के प्रमुख शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबलपुर में 44 डिग्री, भोपाल में 43.8 डिग्री, उज्जैन में 42.5 डिग्री और इंदौर में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार इस बार नौतपा के दौरान तेज गर्मी के साथ आंधी और बारिश का असर भी बना हुआ है। पिछले तीन दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है।
गुरुवार को प्रदेश के 48 जिलों में लू और भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव पिछले 10 दिनों से प्रदेश के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। दोनों क्षेत्रों में तापमान 47 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। गुरुवार को इन इलाकों में तीव्र लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया।
कई जिलों में शाम को बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 46 जिलों में गर्म हवा चलने और तेज गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में दोपहर के समय भीषण गर्मी रहने के आसार हैं, लेकिन शाम के समय बारिश हो सकती है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में भी गर्मी का असर बना रहेगा। वहीं इंदौर, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में लू से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
दमोह में आधे घंटे तक गिरे ओले
दमोह जिले में गुरुवार शाम अचानक मौसम बदल गया। शाम करीब 4:30 बजे बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। तेंदूखेड़ा ब्लॉक में करीब आधे घंटे तक ओले गिरते रहे। बाद में ओले तो थम गए, लेकिन बारिश जारी रही। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया।
अगले 3 दिन बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए 29, 30 और 31 मई को प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव बना रहेगा।
भोपाल में नौतपा के दौरान कई बार हुई बारिश
भोपाल में पिछले 14 वर्षों के दौरान 7 बार नौतपा में बारिश दर्ज की गई है, जबकि 2 बार बूंदाबांदी हुई थी। इस बार भी नौतपा की शुरुआत में बूंदाबांदी देखने को मिली। वर्ष 2018 और 2019 में सबसे अधिक गर्मी पड़ी थी, जब औसत तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था।