इंदौर एयरपोर्ट पर उड़ानों की गड़बड़ी, इंडिगो और स्टार एयर की फ्लाइट्स रद्द!

यात्रियों ने विरोध जताया, एयरलाइन स्टाफ के साथ तीखी बहस भी हुई!

इंदौर। गुरुवार सुबह देवी अहिल्याबाई होल्कर विमानतल पर यात्रियों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। अहमदाबाद से आने-जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते अचानक रद्द कर दी गई, वहीं स्टार एयर ने भी अपनी मुंबई और गोंदिया रूट की उड़ानें निरस्त कर दीं। इस स्थिति ने एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बना दिया।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-7173 रोजाना सुबह 8:10 बजे अहमदाबाद से इंदौर पहुंचती है और यही विमान 6ई-7174 बनकर सुबह 8:45 बजे वापस रवाना होता है। गुरुवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उड़ान से पहले विमान में तकनीकी खराबी पाई गई। इंजीनियरों द्वारा जांच के बाद इसे उड़ान के लिए सुरक्षित नहीं माना गया। इसके चलते एहतियातन दोनों उड़ानों को रद्द करने का फैसला लिया गया।

यात्रियों में नाराजगी
अहमदाबाद जाने वाले कई यात्री सुबह 7 बजे से ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे। चेक-इन के दौरान अचानक फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिलने पर यात्रियों में गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों का कहना था कि उन्हें आखिरी समय पर सूचना दी गई, जिससे उनके जरूरी काम प्रभावित हुए और कई लोगों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी छूट गईं। कुछ यात्रियों ने एयरलाइन स्टाफ के साथ तीखी बहस भी की, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख एयरपोर्ट अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। यात्रियों को रिफंड, टिकट री-बुकिंग और अन्य उपलब्ध उड़ानों में समायोजन के विकल्प दिए गए। इसके बाद धीरे-धीरे हालात सामान्य हुए।

स्टार एयर की उड़ानों से परेशानी
इस बीच स्टार एयर ने भी अपने इंदौर-मुंबई-गोंदिया रूट की चारों उड़ानें ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए रद्द कर दीं। ये उड़ानें दोपहर 1:40 बजे मुंबई से इंदौर आने, 2:10 बजे इंदौर से गोंदिया जाने, शाम 5:20 बजे गोंदिया से वापसी और 5:50 बजे इंदौर से मुंबई के लिए निर्धारित थीं।
इन उड़ानों के निरस्त होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। पिछले कुछ दिनों से स्टार एयर की उड़ानों के बार-बार रद्द होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

अनिश्चितता का बना माहौल
हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन का दावा है कि अन्य उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी है, लेकिन लगातार हो रही रद्दीकरण की घटनाओं ने यात्रियों के बीच अनिश्चितता और चिंता का माहौल बना दिया है। इससे यात्रियों का भरोसा प्रभावित हो रहा है। खासकर वे लोग अधिक परेशान हैं, जिन्होंने व्यापारिक काम या मेडिकल इमरजेंसी के चलते यात्रा की योजना बनाई थी।

Leave a Comment