राहुल गांधी आज इंदौर में, बॉम्बे हॉस्पिटल और भागीरथपुरा जाएंगे, पीड़ितों से मिलेंगे

इंदौर: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इंदौर दौरा तय हो गया है। वे शनिवार को सुबह 11 बजे विशेष विमान से इंदौर पहुंचेंगे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

विमानतल पर राहुल गांधी की अगवानी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सहप्रभारी उषा नायडू, चिंटू चौकसे, विपिन वानखेड़े सहित अन्य कांग्रेस नेता करेंगे।

विमानतल से सीधे बॉम्बे हॉस्पिटल जाएंगे

राहुल गांधी सुबह 11.15 बजे विमानतल से बॉम्बे हॉस्पिटल के लिए रवाना होंगे। यहां वे दूषित पानी पीने से बीमार हुए मरीजों से मुलाकात करेंगे और उनका हालचाल जानेंगे। वे अस्पताल में करीब आधा घंटा रुकेंगे।

भागीरथपुरा पहुंचकर पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात

दोपहर 12.15 बजे बॉम्बे हॉस्पिटल से रवाना होकर 12.45 बजे राहुल गांधी भागीरथपुरा पहुंचेंगे। यहां वे करीब एक घंटे तक रुकेंगे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस द्वारा यह तय किया जा रहा है कि इस दौरान किन-किन लोगों को उनके साथ रहने की अनुमति होगी।

साढ़े तीन घंटे का रहेगा इंदौर दौरा

करीब 1.45 बजे राहुल गांधी भागीरथपुरा से रवाना होकर इंदौर विमानतल पहुंचेंगे, जहां से वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस तरह उनका इंदौर में कुल प्रवास करीब साढ़े तीन घंटे का रहेगा।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने पहले प्रदेशभर के पार्षदों को लेकर सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति न मिलने के कारण अब राहुल गांधी केवल पीड़ितों से ही मुलाकात करेंगे।

सभी मृतकों से मुलाकात संभव नहीं

भागीरथपुरा क्षेत्र की संकरी गलियों को देखते हुए सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी का सभी मृतकों के घर जाना संभव नहीं हो पाएगा।
दिल्ली से राहुल गांधी के प्रतिनिधि सुशांत मिश्रा ने स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ क्षेत्र का दौरा कर जानकारी जुटाई और मृतकों की सूची प्रशासन को सौंपी थी, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सीमित मुलाकात की अनुमति दी है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि राहुल गांधी सभी 24 मृतकों के परिजनों से मिलेंगे या कुछ चुनिंदा परिवारों से।

मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की सहायता

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घोषणा की है कि भागीरथपुरा हादसे में मृत 24 लोगों के परिजनों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए मृतकों की सूची तैयार की जा रही है और परिजनों से यह पूछा जा रहा है कि चेक किसके नाम से बनाया जाए।
ये चेक भोपाल से तैयार होकर इंदौर पहुंचेंगे।


राहुल गांधी इंदौर दौरा, बॉम्बे हॉस्पिटल इंदौर, भागीरथपुरा हादसा, राहुल गांधी मध्यप्रदेश, कांग्रेस नेता इंदौर दौरा, दूषित पानी से मौत, पीड़ितों से मुलाकात, जीतू पटवारी बयान, इंदौर राजनीतिक खबर, कांग्रेस राहत राशि

Rahul Gandhi Indore visit, Bombay Hospital Indore news, Baghirathpura incident, Rahul Gandhi MP tour, Congress leader Indore visit, polluted water deaths Indore, Rahul Gandhi meets victims, Jitu Patwari statement, Indore political news, Congress relief announcement

Leave a Comment