
मुंबई। सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि‘ अब एक बिल्कुल नए कलेवर में दर्शकों के सामने आएगी। चीन के बीच सुधरते रिश्तों को ध्यान में रखते हुए फिल्म की कहानी में फेरबदल किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह कि फिल्म में अब कहीं ‘चीन‘ का नाम सुनाई नहीं देगा।
गलवान से मातृभूमि तक सफर
इस फिल्म का शुरुआती टाइटल ‘बैटल ऑफ गलवान‘ रखा गया था, क्योंकि इसकी कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में हुए संघर्ष के इर्द-गिर्द बुनी गई थी। दोनों देशों के बीच बेहतर होते संबंधों को देखते हुए रक्षा मंत्रालय को फिल्म के कुछ दृश्यों और संवादों पर आपत्ति थी। इसके बाद फिल्म का नाम बदलकर ‘मातृभूमि‘ कर दिया गया।
रक्षा मंत्रालय के निर्देश
मंत्रालय के सुझावों के बाद निर्देशक अपूर्वा लाखिया और सलमान खान ने फिल्म के कंटेंट में बड़े बदलाव किए हैं। फिल्म का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा दोबारा फिल्माया गया है। सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म में अब काल्पनिक (फिक्शन) एंगल जोड़ा गया है। कहानी को नया मोड़ देने के लिए इसमें कुछ रोमांटिक सीन और किरदारों की बैकस्टोरी को विस्तार दिया गया है।
रिलीज पर सस्पेंस
खबरों के मुताबिक, मेकर्स ने फिल्म का नया वर्जन एनओसी के लिए रक्षा मंत्रालय को भेज दिया है, लेकिन मंत्रालय की तरफ से अभी भी कुछ तकनीकी बिंदुओं पर चिंता व्यक्त की जा रही है। इन्हीं बदलावों और री-शूटिंग की वजह से फिल्म की 17 अप्रैल 2026 को होने वाली रिलीज को फिलहाल टाल दिया गया है। फिल्म के निर्माता को साफ़ निर्देश दिए गए कि फिल्म के किसी भी हिस्से में पड़ोसी देश ‘चीन‘ का नाम प्रत्यक्ष रूप से न लिया जाए।
अगले प्रोजेक्ट की तैयारी
‘मातृभूमि‘ के काम के बीच सलमान खान अब अपने अगले प्रोजेक्ट की ओर बढ़ रहे हैं। वे जल्द ही मशहूर निर्माता दिल राजू के साथ एक नई फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म में उनके साथ साउथ स्टार नयनतारा नजर आएंगी और इसका निर्देशन वामशी पेडिपल्ली करेंगे।