देर रात चेकिंग में रोकी गई कार, जांच में नशे में मिले सभी वकील!
इंदौर। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्ती एक बार फिर देखने को मिली। हीरानगर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात एमआर-10 चौराहे पर चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की एक कार को रोका। कार में सवार लोग खुद को सुप्रीम कोर्ट के वकील बता रहे थे और किसी काम से शहर आए थे।
पुलिस ने जब वाहन सवार लोगों की जांच की, तो वे शराब के नशे में पाए गए। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि कार में मौजूद लोगों ने खुद को वकील बताते हुए वाहन छोड़ने का दबाव भी बनाया, लेकिन पुलिस ने नियमों से समझौता नहीं किया।
पुलिस ने नहीं छोड़ा वाहन
थाना प्रभारी सुशील पटेल के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई में पुलिस ने साफ कर दिया कि कानून सभी के लिए समान है। वाहन सवारों से ड्राइवर बुलाने को कहा गया, लेकिन उनकी स्थिति को देखते हुए कार नहीं सौंपी गई। इसके बाद सभी लोग टैक्सी के जरिए अपने होटल लौट गए। मंगलवार को संबंधित लोगों ने स्थानीय वकील की मदद से ड्रिंक एंड ड्राइव का चालान भरा और अपनी गाड़ी छुड़वाई। इसके बाद वे अपने निर्धारित कार्यों के लिए कोर्ट पहुंचे।
नियम तोड़ने पर सख्ती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना गंभीर अपराध है और इस पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे कोई भी व्यक्ति हो, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई तय है।