इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब एक नया कानूनी विवाद सामने आया। इस बार मामला हत्या की जांच से नहीं, बल्कि राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी में हुए कैटरिंग खर्च के बकाया भुगतान से जुड़ा है। शादी में भोजन व्यवस्था करने वाले कैटरर ने बकाया राशि की वसूली के लिए दोनों परिवारों को कानूनी नोटिस भेजा है।
जानकारी के अनुसार, राजा रघुवंशी हत्याकांड को कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब विवाह समारोह का भुगतान विवाद चर्चा में आ गया है। कैटरिंग का काम संभालने वाले हितेश रोहिरा का कहना है कि शादी के आयोजन का करीब 2 लाख 82 हजार 550 रुपये का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इसी राशि की वसूली के लिए उन्होंने मृतक राजा रघुवंशी के परिवार और मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी के पिता, दोनों पक्षों को कानूनी नोटिस भेजा है।
जवाब नहीं मिला तो केस
कैटरर की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता जयंत दुबे ने बताया कि मई 2025 में संपन्न हुए विवाह समारोह का कुल कैटरिंग बिल 11 लाख 42 हजार रुपये था। इसमें अधिकांश भुगतान मिल चुका है, लेकिन 2 लाख 82 हजार 550 रुपये अभी भी बकाया हैं। उनका कहना है कि भुगतान के लिए पहले भी नोटिस भेजा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर किसी भी पक्ष ने कोई जवाब नहीं दिया। अधिवक्ता के अनुसार, अब यदि शीघ्र बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो इंदौर की अदालत में वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, भुगतान की जिम्मेदारी को लेकर दोनों परिवार एक-दूसरे पर जवाबदेही डाल रहे हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है।
राजा की हत्या हो गई
गौरतलब है कि राजा रघुवंशी की मई 2025 में हनीमून के दौरान मेघालय में हत्या कर दी गई थी। इस बहुचर्चित मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद सरेंडर किया था। अब उसी प्रकरण से जुड़ा शादी के कैटरिंग भुगतान का यह विवाद भी सुर्खियों में आ गया है।