मुर्शिदाबाद। यहां के रहने वाले किशोर इकबाल के लिए उद्योगपति अनंत अंबानी देवदूत बनकर सामने आए हैं। बेलडांगा निवासी इस किशोर को शरीर में होने वाली तेज जलन से राहत पाने के लिए दिन-रात तालाब के पानी में रहने को मजबूर होना पड़ रहा था। गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अनंत अंबानी के निर्देश पर इकबाल को विशेष उपचार के लिए मुंबई एयरलिफ्ट कराया गया है, जहां सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया है।
अदृश्य शक्ति का डर और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दर्द
इकबाल का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से देखा जा रहा था, जिसमें वह तालाब के पानी में बैठकर ही खाना खाते नजर आ रहा था। पीड़ित का कहना था कि पानी से बाहर आते ही उसके पूरे शरीर में असहनीय जलन होने लगती है। इस परेशानी से घबराकर उसे लगने लगा था कि उस पर किसी अदृश्य शक्ति का असर है, जिसके कारण वह लंबे समय तक पानी के भीतर रहने लगा।
लाचार परिवार और डॉक्टरों की चेतावनी
किशोर के माता-पिता बेहद खराब आर्थिक स्थिति की वजह से उसका समुचित इलाज कराने में असमर्थ थे और लगातार मदद की गुहार लगा रहे थे। इस बीच चिकित्सा विशेषज्ञों ने सचेत किया था कि घंटों पानी में रहने से उसकी त्वचा और सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है। वीडियो के माध्यम से जब यह मामला रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी तक पहुंचा, तो उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए बच्चे को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पूरी व्यवस्था की।