
यह भी कहा कि ग्राहकों के लिए ईंधन खरीद पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं!
नई दिल्ली। अगर आप अपनी गाड़ी में पेट्रोल या डीजल भरवाने जा रहे हैं, तो सिर्फ कीमत ही नहीं बल्कि खरीद की सीमा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एक निजी तेल कंपनी ने ईंधन खरीद पर सीमा तय कर दी है, जिसके तहत एक व्यक्ति एक बार में ₹1000 से अधिक का फ्यूल नहीं ले सकेगा।
किस कंपनी को लेकर उठी चर्चा
यह दावा जियो-बीपी पेट्रोल पंपों को लेकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि देशभर में संचालित इन पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से यह सीमा लागू की गई।
क्या है लिमिट लगाने की वजह
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय हालात खासकर ईरान से जुड़े तनाव और सप्लाई पर असर को देखते हुए कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने यह कदम उठाया। इसका मकसद घबराहट में हो रही ज्यादा खरीद को रोकना और अचानक बढ़ी मांग के चलते स्टॉक खत्म होने से बचाना बताया जा रहा है।
कंपनी का आधिकारिक रुख
हालांकि, कंपनी की ओर से इस तरह की किसी भी देशव्यापी लिमिट से साफ इनकार किया गया है। कंपनी के प्रवक्ता का कहना है कि ग्राहकों के लिए ईंधन खरीद पर कोई आधिकारिक प्रतिबंध लागू नहीं किया गया है।
उन्होंने यह जरूर माना कि कुछ स्थानों पर स्थानीय परिस्थितियों के कारण अस्थायी तौर पर इस तरह के कदम उठाए जा सकते हैं।
क्या आपको चिंता करने की जरूरत है? फिलहाल यह स्थिति पूरे देश में लागू किसी नियम के रूप में नहीं है। यह कुछ पेट्रोल पंपों पर स्थानीय स्तर पर लिया गया एहतियाती फैसला हो सकता है।