बड़बोले बयानों पर लगाम की तैयारी, BJP अब देगी ‘संयम और संस्कार’ का पाठ

भोपाल। नेताओं की फिसलती जुबान से बार-बार घिरती रही प्रदेश की सत्ताधारी BJP अब संगठन में अनुशासन और संवाद की नई परंपरा स्थापित करने की कवायद में जुट गई है। पार्टी ने तय किया है कि बूथ से लेकर जिला स्तर तक हर कार्यकर्ता को रीति-नीति, सार्वजनिक आचरण और संवाद कौशल का व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्देश्य साफ है विचार में स्पष्टता और व्यवहार में शालीनता।

पचमढ़ी के बाद भी नहीं बदला अंदाज

पिछले वर्ष जून में पचमढ़ी में आयोजित प्रशिक्षण शिविर से संगठन को उम्मीद थी कि सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी का स्तर सुधरेगा। मगर समय के साथ कई बड़े नेताओं के विवादित वक्तव्यों ने पार्टी को असहज किया। अब माना जा रहा है कि केवल औपचारिक बैठकों से काम नहीं चलेगा, बल्कि सतत और विषय-केन्द्रित प्रशिक्षण की जरूरत है।

विवादों ने बढ़ाई चिंता

हाल ही में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह द्वारा सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी ने राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया पैदा की। वहीं इंदौर के भागीरथपुरा जल त्रासदी प्रकरण में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान से भी पार्टी को सफाई देनी पड़ी। इन घटनाओं ने संगठन को यह सोचने पर मजबूर किया कि संवाद की मर्यादा को लेकर सख्त रुख अपनाना होगा।

सूत्रों के मुताबिक, अब ऐसे नेताओं की पहचान की जा रही है जिनकी छवि विवादों से परे है और जो संयमित सार्वजनिक जीवन के लिए जाने जाते हैं। वही प्रशिक्षण सत्रों में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे।

मुंबई में राष्ट्रीय कार्यशाला

पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत 24 फरवरी को मुंबई में राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसके बाद 7 से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर और 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर पर प्रशिक्षण सत्र होंगे। हाल ही में भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में पश्चिम मध्य क्षेत्र के प्रभारी केसी पटेल ने रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।

विचार में दृढ़ता, व्यवहार में विनम्रता

पार्टी का मानना है कि संगठन की मजबूती केवल चुनावी रणनीति से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण से आती है। प्रशिक्षण में संगठन की कार्यप्रणाली, वैचारिक आधार, जनसंपर्क के तौर-तरीके और सार्वजनिक मंचों पर संवाद की मर्यादा जैसे विषय शामिल रहेंगे। विशेष जोर इस बात पर होगा कि कार्यकर्ता अपनी बात प्रभावी ढंग से रखें, पर शब्दों की गरिमा बनी रहे।

पार्टी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल का कहना है कि भाजपा की परंपरा कार्यकर्ता-आधारित रही है और प्रशिक्षण उसकी कार्यसंस्कृति का अहम हिस्सा है। अब इस पर और अधिक गंभीरता से अमल किया जाएगा, ताकि संगठन की पहचान उसके आचरण से भी झलके।

यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।

Leave a Comment