

पत्नी ही निकली मास्टरमाइंड, पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे!
धार। जिले के सरदारपुर इलाके के गोंदीखेड़ा चारण के मसाला कारोबारी की हत्या का मामला अब पूरी तरह साफ हो गया। यह सनसनीखेज घटना किसी बाहरी हमले का नतीजा नहीं, बल्कि पत्नी की साजिश का हिस्सा निकली। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया।
पुलिस के मुताबिक, पति को पत्नी के दूसरे रिश्ते के बारे में जानकारी मिल चुकी थी। इस कारण दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगे थे। तनाव इतना बढ़ गया कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करीब एक लाख रुपए की सुपारी देकर पति की हत्या की योजना बनाई। 6 अप्रैल को यह घटना हुई। आरोपी पत्नी ने घर के दरवाजे रात में खुले रखे, ताकि सुपारी किलर आसानी से अंदर आ सके। पहले 3 अप्रैल को हत्या की योजना थी, लेकिन उस दिन हमलावर नहीं पहुंच पाया। इसके बाद 6 अप्रैल की रात को आरोपी ने घर में घुसकर सोते समय व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली।
वारदात के बाद का ड्रामा
हत्या के बाद पत्नी ने खुद को निर्दोष दिखाने के लिए रोने-धोने का नाटक किया और घटना को लूट या डकैती का रूप देने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले की परतें खोल दीं और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें दोनों के बीच तीखी बहस देखी जा सकती है। एक वीडियो में पत्नी गुस्से में मोबाइल छीनने की कोशिश करती दिख रही है, जबकि दूसरे में दोनों के बीच फोन पर किसी तीसरे व्यक्ति से बातचीत को लेकर झगड़ा हो रहा है। बताया गया कि एक बार विवाद के दौरान पत्नी ने पति के हाथ पर काट भी लिया था।
शव के पास संबंध की चर्चा
मामले में यह भी कहा जा रहा है कि हत्या की रात आरोपी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मृतक के शव के पास ही शारीरिक संबंध बनाए। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक के परिवार ने भी कई अहम बातें बताई हैं। मृतक की बहन के अनुसार, पत्नी शुरू से ही अपने पति को पसंद नहीं करती थी और अक्सर उसे अपमानित करती थी। वह कहती थी कि पति उसकी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता और उसे कोई बेहतर साथी चाहिए। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।