अफवाहों से पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, डीलर्स बोले ‘MP में ईंधन का पर्याप्त भंडार!

प्रदेश में 60 से 90 दिनों तक ईंधन की जरूरत पूरी होने का स्टॉक!

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय हालात और अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इन अफवाहों के कारण MP समेत देश के कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ देखी जा रही है। हालांकि पेट्रोलियम डीलर्स ने साफ किया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

मध्य प्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के मुताबिक प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और मांग को पूरा करने में कोई समस्या नहीं है। एसोसिएशन के अनुसार राज्य में प्रतिदिन लगभग 1200 मीट्रिक टन पेट्रोल और करीब 1600 मीट्रिक टन डीजल की खपत होती है। तेल कंपनियां हर साल खपत के आधार पर स्टॉक तैयार रखती हैं और आमतौर पर पिछले साल की तुलना में 8 से 10 प्रतिशत अधिक आपूर्ति की योजना बनाकर चलती हैं।

प्रदेश में स्टॉक की यह स्थिति

जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंपों पर लगभग 4 से 5 दिन का स्टॉक रहता है, जबकि डिपो में करीब 8 दिन का भंडार उपलब्ध होता है। पाइपलाइन में लगभग 10 दिन का ईंधन रहता है, वहीं टर्मिनल में करीब एक महीने का भंडार सुरक्षित रहता है। इसके अलावा रिफाइनरी स्तर पर भी लगभग 30 दिन का अतिरिक्त स्टॉक मौजूद रहता है। यदि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होती है, तब भी मौजूदा भंडार के आधार पर मध्य प्रदेश में 60 से 90 दिनों तक ईंधन की जरूरत पूरी की जा सकती है। प्रदेश में करीब 3700 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं।

बिना बाधा के आपूर्ति जारी

मध्य प्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। डिपो में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और अगले तीन से चार महीनों तक आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रह सकती है। उन्होंने कहा कि यदि लोग अफवाहों के कारण अचानक बड़ी मात्रा में ईंधन लेने लगते हैं तो अस्थायी दबाव बन सकता है, लेकिन सामान्य स्थिति में सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहती है।

पर्याप्त भंडार मौजूद

इधर अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार ने भी पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की समीक्षा की है। मंत्रालय में आयोजित बैठक में अपर मुख्य सचिव खाद्य रश्मि अरुण शमी ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के स्टॉक की स्थिति पर चर्चा की। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में वर्तमान खपत के अनुसार पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और  NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।

Leave a Comment