MP में सरकारी कैलेंडर से विवाद, विदेशी हिरण की तस्वीर पर मचा सियासी बवाल!

भोपाल। MP सरकार द्वारा जारी की गई आधिकारिक डायरी के बाद अब सरकारी कैलेंडर भी विवादों के घेरे में आ गया है। इस बार विवाद का मुख्य केंद्र बना है कैलेंडर पर छपा एक हिरण, जिसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तीखे सवाल दागे हैं।

दिग्विजय सिंह का वार : जो भारत में नहीं, वह कैलेंडर पर क्यों?

दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकारी कैलेंडर की एक फोटो साझा करते हुए सीधे मुख्यमंत्री को घेरा। उन्होंने लिखा, “मुख्यमंत्री जी! कैलेंडर पर जिस हिरण की तस्वीर लगाई गई है, वह न तो मध्य प्रदेश में पाया जाता है और न ही पूरे भारत में।”

​उन्होंने दावा किया कि कैलेंडर में दिख रहा जीव ‘इम्पाला’ है, जो मूल रूप से अफ्रीका के जंगलों में पाया जाता है। दिग्विजय सिंह के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है और विपक्ष इसे शासन की बड़ी चूक बता रहा है।

विपक्ष ने साधा निशाना : अधिकारी जमीनी हकीकत से दूर ​इस मुद्दे पर कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी सरकार को आड़े हाथों लिया:

– ​जयवर्धन सिंह : उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश वन्यजीव संरक्षण में हमेशा देश में नंबर वन रहा है। इतनी समृद्ध वन संपदा होने के बावजूद विदेशी जानवर की फोटो लगाना दर्शाता है कि जिम्मेदार अधिकारी वन्यजीवन की जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं।

– ​भंवर सिंह शेखावत : कांग्रेस विधायक ने इसे प्रशासनिक लापरवाही का चरम बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रकाशनों पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं, फिर भी यह ध्यान नहीं दिया गया कि क्या छापा जा रहा है। उन्होंने इसे शासन की कार्यप्रणाली में आई ‘अराजकता’ करार दिया।

भाजपा का पलटवार ‘भ्रम फैलाना कांग्रेस की पुरानी आदत‘ ​विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि:
झूठ बोलना और जनता को गुमराह करना दिग्विजय सिंह की आदत है। पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें तथ्यों की जांच करनी चाहिए थी। मध्य प्रदेश सरकार के फरवरी महीने के असली कैलेंडर में वह तस्वीर है ही नहीं, जिसका दावा किया जा रहा है।” ​

अग्रवाल ने असली कैलेंडर की फोटो साझा करते हुए कहा कि तथ्य पूरी तरह स्पष्ट हैं और दिग्विजय सिंह को इस गलत बयानबाजी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।

Leave a Comment