MP के राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल, 119 को मिला बड़ा प्रभार! इंदौर के 4 राजस्व निरीक्षक बने कार्यवाहक नायब तहसीलदार

प्रभार मिलेगा,पर पदोन्नति का कोई लाभ नहीं मिलेगा 


भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए प्रदेशभर में 119 राजस्व निरीक्षकों को कार्यवाहक नायब तहसीलदार का प्रभार सौंप दिया। इस व्यापक फेरबदल के तहत इंदौर के चार राजस्व निरीक्षकों को भी पदोन्नत दायित्व देते हुए नवीन स्थानों पर पदस्थ किया गया है। आदेश वल्लभ भवन मंत्रालय से जारी हुआ है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया।

छानबीन समिति की अनुशंसा पर निर्णय

जानकारी के अनुसार यह निर्णय विभागीय छानबीन समिति की अनुशंसा एवं मंत्रिपरिषद की सहमति के बाद लिया गया। स्थानांतरण नीति 2025 की समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद राजस्व न्यायालयीन कार्यों के बढ़ते दबाव और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए विशेष प्रावधान के तहत तबादले किए गए।

कई जिलों में नई पदस्थापनाएं

जारी सूची में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, सागर और उज्जैन सहित कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं। सभी अधिकारियों को प्रभारी नायब तहसीलदार के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे राजस्व न्यायालयीन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रभार मिलेगा,पर पदोन्नति का लाभ नहीं

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कार्यवाहक नायब तहसीलदार के रूप में कार्य करने वाले अधिकारियों को वरिष्ठता, वेतनमान अथवा स्थायी पदोन्नति का लाभ नहीं मिलेगा। वे पूर्व निर्धारित सेवा शर्तों के अंतर्गत ही कार्य करेंगे।

यदि किसी अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच या आपराधिक प्रकरण लंबित है,तो उसकी जानकारी आयुक्त भू-संसाधन प्रबंधन के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी।

यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।

Leave a Comment