विभिन्न जिलों में ओलावृष्टि और वर्षा का प्रभाव, तापमान में भी गिरावट दर्ज!
भोपाल। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ वर्षा, ओले और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों के लिए 7 अप्रैल तक ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र के अनुसार, अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।
प्रदेश के आसपास सक्रिय प्रेरित चक्रवात का प्रभाव पूरे प्रदेश पर पड़ रहा है। धार, राजगढ़, बैतूल, देवास, उज्जैन, आलीराजपुर और भिंड में ओले गिरे, जबकि सीहोर, भोपाल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बैतूल में 1.2 मिमी, खजुराहो में 0.2 मिमी और सतना में 1.0 मिमी वर्षा हुई। भोपाल में 0.2 मिमी, दतिया में 0.4 मिमी, गुना में 1.9 मिमी, खंडवा में 2.0 मिमी, खरगोन में 8.8 मिमी, रायसेन में 4.0 मिमी और रतलाम में 1.0 मिमी वर्षा हुई।
कहां कौन सा अलर्ट
- ऑरेंज अलर्ट : कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर।
- येलो अलर्ट : भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा।