सूखी झाड़ियों में भड़की लपटें, कई किलोमीटर दूर से दिखा धुआं
इंदौर। बुधवार शाम Indore airport परिसर के पास भीषण आग भड़की, कोई हताहत नहीं! परिसर के पास अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया था। सूखी झाड़ियों में भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। लपटें इतनी ऊंची उठी थी कि कई किलोमीटर दूर से धुआं साफ दिखाई देने लगा। आसपास के लोगों ने धुआं उठते देख प्रशासन को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट बाउंड्री के समीप बड़ी मात्रा में सूखी झाड़ियां फैली हैं। गर्मी और सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैल गई,जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।

प्रारंभ में दो दमकल वाहनों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया, बाद में अतिरिक्त गाड़ियां भी बुलाई गईं। एयरपोर्ट कर्मचारियों ने भी पानी डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। एरोड्रम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गैर-प्रचालन क्षेत्र में लगी आग पर काबू
प्रशासन के अनुसार आग एयरपोर्ट के गैर-प्रचालन क्षेत्र में सूखी घास तक सीमित रही। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एडीएम रोशन राय सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। एयरपोर्ट फायर सर्विस और नगर निगम के संयुक्त प्रयास से करीब डेढ़ घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान नहीं हुआ।
यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।