सख्त जांच के बावजूद लाइटर विमान तक पहुंचने से सुरक्षा पर उठे सवाल, आरोपी पर केस दर्ज
नई दिल्ली। Delhi से Goa जा रही अकासा एयर की एक उड़ान में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री ने विमान के शौचालय के भीतर बीड़ी सुलगा ली। उड़ान के दौरान धुआं फैलने से यात्रियों और क्रू में घबराहट की स्थिति बन गई। एयरलाइन की सूचना पर विमान के गोवा पहुंचते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी आशीष के रूप में हुई है, जो अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1625 से यात्रा कर रहा था। विमान के हवा में रहने के दौरान वह शौचालय में गया और वहां बीड़ी जला ली। कुछ ही देर में धुआं बाहर आने लगा, जिससे क्रू मेंबर सतर्क हो गए और तुरंत स्थिति को संभाला गया।

लाइटर विमान में पहुंचना बड़ी लापरवाही
इस घटना ने विमानन सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कड़ी सुरक्षा जांच के बावजूद यात्री अपने साथ बीड़ी और लाइटर विमान के अंदर ले जाने में कामयाब रहा। एयरलाइन की शिकायत के मुताबिक उसके पास से लाइटर भी बरामद हुआ, जिसे उड़ान के दौरान बेहद खतरनाक माना जाता है।
धूम्रपान से विमान में आग लगने का खतरा
विमान के अंदर धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे विमान में लगे सेंसर सक्रिय हो सकते हैं और आग जैसी गंभीर स्थिति पैदा होने का खतरा रहता है। क्रू ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए स्थिति पर नियंत्रण रखा और फ्लाइट के गोवा पहुंचते ही यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया। गोवा के मोपा हवाई अड्डा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और नागरिक उड्डयन सुरक्षा से जुड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ऐसे यात्रियों के लिए नो-फ्लाई लिस्ट’
नियमों के मुताबिक इस तरह के मामलों में यात्री को ‘नो-फ्लाई लिस्ट’ में डाला जा सकता है, जिससे उसे भविष्य में विमान यात्रा करने से रोका जा सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा जांच के दौरान लाइटर कैसे नजर से बच गया। एयरलाइन ने कहा है कि वह पूरे मामले की जांच में अधिकारियों को सहयोग दे रही है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
यह होती है ‘नो-फ्लाई लिस्ट’ ‘
नो-फ्लाई लिस्ट’ ऐसे यात्रियों की आधिकारिक सूची होती है, जिन्हें विमान में अनुशासनहीनता या सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने के कारण उड़ान भरने से रोक दिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति उड़ान के दौरान धूम्रपान करता है, क्रू के साथ दुर्व्यवहार करता है या हिंसक व्यवहार करता है, तो उसे इस सूची में शामिल किया जा सकता है।
मामूली अनुशासनहीनता की स्थिति में कुछ महीनों तक उड़ान पर रोक लग सकती है, जबकि गंभीर दुर्व्यवहार या विमान की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले मामलों में लंबी अवधि तक या अनिश्चितकाल के लिए हवाई यात्रा पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।