सीधी दौरे पर सख्त दिखे सीएम मोहन यादव, कलेक्टर हटाए, बैंक जीएम निलंबित

जनशिकायतों पर तुरंत कार्रवाई , गुना एसपी को भी हटाने के निर्देश , अफसरों को जिम्मेदारी निभाने की सख्त चेतावनी सीधी।

मोहन यादव ने रविवार को सीधी जिले का अचानक दौरा कर प्रशासनिक कामकाज का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आम लोगों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर जमीनी स्तर पर चल रही योजनाओं और व्यवस्थाओं की स्थिति समझी। शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीधी कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को पद से हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को भी निलंबित कर दिया गया।

गुना एसपी पर भी कार्रवाई गुना जिले से जुड़े एक मामले में भी मुख्यमंत्री ने सख्ती दिखाई। तलाशी के दौरान मिली नकद राशि में गड़बड़ी के मामले में अंकित सोनी (एसपी, गुना) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद उन्हें पद से हटाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को बेहतर सेवाएं देना है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि फील्ड में रहकर काम नहीं करने वालों के लिए जगह नहीं है।

तुरंत समाधान पर जोर जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सीधी में बन रहे नए कलेक्ट्रेट भवन की धीमी प्रगति पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment