Badshah ने लुकआउट नोटिस के बाद मांगी माफी, कहा ‘किसी महिला या बच्चे के लिए नहीं था गाना!’

खुद को हरियाणा का बेटा बताया, लोगों से गलती माफ करने की अपील!

नई दिल्ली। रैपर-सिंगर Badshah ने अपने नए गाने ‘टिटहरी’ के बोल और उसके वीडियो को लेकर उठे विवाद के बाद देश की जनता से माफी मांगी है। हरियाणा पुलिस ने शनिवार को बताया कि गाने को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोप है कि गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को हरियाणा रोडवेज बस में नाचते और आपत्तिजनक इशारे करते हुए दिखाया गया है।

विवाद पर बादशाह ने तोड़ी चुप्पी

बादशाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनका नया गाना ‘टिटहरी’ रिलीज हुआ है और उसके बोल व दृश्यांकन से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, खासकर हरियाणवी समाज की। उन्होंने कहा, ‘मैं खुद हरियाणा से हूं। जो लोग मुझे जानते हैं, वे जानते हैं कि मेरी भाषा, खान-पान, जीवनशैली और पहचान पूरी तरह हरियाणवी है। मुझे अपने हरियाणवी होने पर गर्व है। मेरा कभी भी हरियाणा के किसी बच्चे या महिला का अपमान करने का इरादा नहीं था।’

लोगों से माफी मांगी

उन्होंने आगे कहा ‘मेरा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था कि मैं हरियाणा की किसी महिला या बच्चे के बारे में आपत्तिजनक बात कहूं। मैं हिप-हॉप संगीत से जुड़ा हूं, जहां कई बार गीतों में प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती देने वाली भाषा इस्तेमाल होती है। यह किसी महिला या बच्चे के लिए नहीं था और न ही मैं ऐसा कभी करना चाहूंगा।’

किसी को ठेस पहुंची हो, तो माफी मांगता हूं

बादशाह ने कहा कि उन्होंने हमेशा हरियाणा की संस्कृति और बोली को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। ‘अगर मेरे गाने से किसी को भी ठेस पहुंची है तो मैं दिल से माफी मांगता हूं। आप मुझे हरियाणा का बेटा समझकर मेरी गलती को माफ करें।’ वीडियो के साथ लिखे संदेश में उन्होंने यह भी बताया कि विवाद को देखते हुए गाने को सभी प्लेटफॉर्म से हटाया जा रहा है।

यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और  NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।

#Badshah #TateereeSong #SongControversy #MusicBacklash #BadshahApology #IndianMusicNews #OffensiveSong #MusicDebate #BollywoodMusic

Leave a Comment