रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से 74 तस्वीरें हटाने पर विवाद, प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल
नई दिल्ली। रेहान वाड्रा की कला प्रदर्शनी से दिल्ली के विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाने का मामला तूल पकड़ रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब सत्ताधारी किसी की अभिव्यक्ति से डरने लगते हैं, तो समझना चाहिए कि वे अपनी ताकत खो चुके हैं।
प्रदर्शनी से हटाई गईं 74 तस्वीरें
रेहान वाड्रा की एकल प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित की गई। रेहान के मुताबिक, प्रदर्शनी में 105 तस्वीरें लगाई जानी थीं, लेकिन शुरू होने से कुछ घंटे पहले प्रशासन ने दिल्ली में हुए हालिया विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी करीब 74 तस्वीरें हटाने को कहा।
रेहान ने इन तस्वीरों को युवा आंदोलनों का दृश्य रिकॉर्ड बताया। उनके अनुसार, तस्वीरों के जरिए घटनाओं को दर्ज किया गया था।
खाली जगहों पर लगाई संविधान की प्रस्तावना
तस्वीरें हटाए जाने के बाद प्रदर्शनी में खाली जगहों पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना की प्रतियां लगाई गईं। रेहान ने यह भी दावा किया कि उनसे तिरंगे से जुड़ी एक तस्वीर हटाने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया।
प्रियंका गांधी ने उठाया अभिव्यक्ति की आजादी का मुद्दा
प्रियंका गांधी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब सत्ताधारी किसी की अभिव्यक्ति से डर जाएं, तो समझो उन्होंने अपनी ताकत खो दी है।”
इस मामले ने कला के जरिए सामाजिक और राजनीतिक घटनाओं को सामने रखने की स्वतंत्रता पर बहस छेड़ दी है। तस्वीरें हटाने के पीछे प्रशासन की क्या वजह थी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Leave a Reply