मुंबई। हिंदी सिनेमा के चर्चित निर्देशक कुकू कोहली का 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है। कुकू कोहली ने अपने निर्देशन में कई यादगार फिल्में दीं, लेकिन अभिनेता अजय देवगन के करियर में उनका योगदान सबसे खास माना जाता है। उन्होंने ही अजय देवगन को फिल्मी दुनिया में पहला मौका दिया था।
कुकू कोहली के निधन से भावुक अजय देवगन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने मार्गदर्शक को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा ‘कुछ लोग आपकी जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं। कुकू जी मेरे लिए उन खास लोगों में से एक थे। आपने मुझ पर जो विश्वास दिखाया, उसके लिए मैं जिंदगी भर आभारी रहूंगा। आपकी कमी हमेशा खलेगी, कुकू जी। ओम शांति।’ अजय के इस संदेश से साफ है कि कुकू कोहली उनके लिए सिर्फ निर्देशक नहीं, बल्कि करियर को दिशा देने वाले व्यक्ति थे।
‘फूल और कांटे’ ने बदल दी अजय की किस्मत
कुकू कोहली और अजय देवगन का पेशेवर रिश्ता 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘फूल और कांटे’ से शुरू हुआ। इसी फिल्म से अजय देवगन ने बॉलीवुड में कदम रखा था। एक्शन और रोमांस से भरपूर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई और अजय रातों-रात दर्शकों के बीच पहचान बना गए। फिल्म में दो चलती मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर अजय देवगन की एंट्री आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे चर्चित डेब्यू दृश्यों में गिनी जाती है। इस फिल्म ने अजय को एक नए एक्शन स्टार के रूप में स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाई।
राज कपूर के साथ शुरू हुआ फिल्मी सफर
कुकू कोहली का फिल्मी सफर भी कम दिलचस्प नहीं रहा। उन्होंने करियर की शुरुआत दिग्गज फिल्मकार राज कपूर के साथ काम करके की। इसके बाद सनी देओल और अमृता सिंह की पहली फिल्म ‘बेताब’ में सेकेंड यूनिट निर्देशक के तौर पर काम किया। निर्देशन में कदम रखने के बाद ‘फूल और कांटे’ ने उन्हें पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने अजय देवगन, अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और नगमा अभिनीत ‘सुहाग’ का निर्देशन किया। यह फिल्म सिनेमाघरों में गोल्डन जुबली रही।
कुकू कोहली ने आगे ‘हकीकत’, ‘कोहराम’, ‘बादशाह’ और ‘हलचल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। 1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में उनकी फिल्मों में एक्शन, भावनाएं, ड्रामा और संगीत का खास मेल देखने को मिला। उनकी फिल्मों ने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ कई कलाकारों के करियर को भी आगे बढ़ाया।
पत्नी अरुणा ईरानी और दो बेटियों को पीछे छोड़ गए
कुकू कोहली अपने पीछे पत्नी और हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी तथा पहली शादी से दो बेटियों को छोड़ गए हैं। स्वास्थ्य बिगड़ने और दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। उनके जाने से फिल्म उद्योग ने एक ऐसे निर्देशक को खो दिया, जिसने अपने दौर में लोकप्रिय सिनेमा को नई पहचान दी और अजय देवगन जैसे कलाकार के करियर की मजबूत शुरुआत में अहम भूमिका निभाई। उनके निधन के बाद फिल्म जगत उन्हें उनकी फिल्मों और कलाकारों के साथ बनाए रिश्तों के लिए याद कर रहा है।